सैमसंग का नया फोन हुआ लॉन्च, 13 दिन तक चलेगी बैटरी
नई दिल्ली। सैमसंग का एक नया फोन गैलेक्सी फोल्डर 2 लॉन्च हुआ है। इस फोन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी बैटरी बहुत ही दमदार है। एक बार फुल चार्ज करने के बाद इसकी बैटरी करीब 13 दिन तक चलेगी। यह फोन 2013 में लॉन्च हुए गैलेक्सी फोल्डर स्मार्टफोन का अगला वर्जन है। आइए जानते हैं और क्या-क्या खास है इस फोन में।

स्क्रीन
यह फोन ड्यूअल सिम के साथ आ रहा है, जिसकी स्क्रीन 3.8 इंच की है। इसकी स्क्रीन WVGA (480x800) रिजॉल्यूशन की टीएफटी एलसीडी स्क्रीन है। यह स्क्रीन 16 मिलियन (1.6 करोड़) कलर स्पेक्ट्रम के साथ ग्राहकों को दी गई है। आपको बता दें कि ये एक फ्लिप फोन है। इस फोन का साइज 122x60.2x15.4 मिलीमीटर है।
हल्की और दमदार बैटरी
इसकी बैटरी का वजन महज 160 ग्राम है जो 1950 mAh की है। फुल चार्ज के बाद 4जी स्टैंडबाई पर इस फोन की बैटरी 318 घंटे यानी करीब 13 दिन तक चल सकती है।
कैमरा
इस मोबाइल में 8 मेगापिक्सर रीयर कैमरा (फोन के पीछे का कैमरा) है, जो f/1.9 अपर्चर से लैस है। इस कैमरे से फुल एचडी वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है। वहीं दूसरी ओर इस फोन का फ्रंट कैमरा 5 मेगापिक्सल है।
कनेक्टिविटी
गैलेक्सी फोल्डर 2 में 2जी, 3जी और 4जी एलटीई तीनों तरह के सिम काम कर सकते हैं। इसके अलावा फोन में वाई-फाई, ब्लूटूथ, जीपीएस और यूएसबी कनेक्टिविटी भी है।
स्टोरेज
इस फोन में 2जीबी की रैम है। इसके साथ इसमें 16 जीबी की स्टोरेज क्षमता है। इसके अलावा फोन में एक माइक्रो एसडी कार्ड के लिए स्लॉट भी दिया गया है, जिसके जरिए फोन की स्टोरेज क्षमता को 128 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। फोन में 1.4 गिगाहर्ट्ज का क्वाड-कोर प्रोसेसर है।
कहां-कहां मिलेगा ये फोन?
ये फोन चीन में लॉन्च किया गया है और कंपनी की चीन की वेबसाइट पर भी यह लिस्टेड है।












Click it and Unblock the Notifications