गोल्डमैन सैक्स ने किया दावा, कुछ महीनों के अंतर पर अपने प्लान की कीमतें बढ़ाता रहेगा रिलायंस जियो
नई दिल्ली। हाल ही में रिलायंस जियो ने अपने प्लान्स की कीमतों को बढ़ाया है। या फिर यूं कहें कि प्लान के तहत मिलने वाली सुविधाओं में थोड़ी कटौती की है, जिसकी वजह से वह ऑटोमेटिक महंगे हो गए हैं। जिस तरह जियो ने इस बार अपने प्लान की कीमतों में इजाफा किया है, वैसे ही जियो आगे भी अपने प्लान की कीमतें बढ़ाता रहेगा। यह दावा किया है ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स ने। गोल्डमैन सैक्स की मानें तो रिलायंस जियो अपने टैरिफ प्लान की कीमतों में अब जनवरी 2018 में बढ़ोत्तरी कर सकता है। गोल्डमैन सैक्स ने 24 अक्टूबर की अपनी रिपोर्ट में लिखा है- हमें लगता है कि जियो कुछ महीनों के अंतर पर टैरिफ प्लान की कीमतें बढ़ाएगा और अगली बढ़ोत्तरी जनवरी में कर सकता है।

जियो के सबसे लोकप्रिय प्लान 399 रुपए के प्लान में पहले 84 दिनों की वैधता मिलती थी, लेकिन कंपनी ने अब इसे घटाकर 70 दिन कर दिया है। अगर आप 84 दिनों के लिए प्लान की सभी सुविधाएं लेते हैं, तो उसके लिए आपको 459 रुपए चुकाने होंगे। आपको बता दें कि पिछले हफ्ते ही रिलायंस जियो ने अपने टैरिफ में 15-20 फीसदी का इजाफा किया था, जिससे प्राइस वॉर से जूझ रही टेलिकॉम इंडस्ट्री के स्थिर होने की आस जगी है। इसका सबसे बड़ा फायदा भारती एयरटेल को हुआ है।
सोमवार को भारती एयरटेल के शेयर 10 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए थे। मंगलवार को कंपनी के शेयर 0.83 फीसदी की मजबूती के साथ 501.65 रुपए के स्तर पर बंद हुए थे। गोल्डमैन सैक्स की मानें तो भारती एयरटेल के ऑपरेटिंग मार्जिन में वित्त वर्ष 2019 में करीब 18 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications