रिलायंस जियो के ग्राहकों के लिए बुरी खबर, इस वेबसाइट पर लीक हुई ग्राहकों की निजी जानकारियां
नई दिल्ली। जहां एक ओर रिलायंस जियो की मुफ्त की सेवाओं का फायदा उठाने के लिए हर भारतीय आगे रह रहा है, वहीं दूसरी ओर उसकी निजी जानकारियां खतरे में पड़ गई हैं। दरअसल, रिलायंस जियो के ग्राहकों की जानकारियां एक वेबसाइट पर सार्वजनिक हो गई हैं। यह वेबसाइट magicapk.com है। हालांकि, अब यह वेबसाइट नहीं खुल रही है। माना जा रहा है कि इस वेबसाइट को बंद कर दिया गया है।

किसे मिली सबसे पहले ये जानकारी?
आपको बता दें कि रिलायंस जियो के ग्राहकों की संख्या करीब 12 करोड़ है। रिलायंस जियो ने कहा है कि शुरुआती आधार पर लगता है कि यह डेटा सही नहीं है। रिलायंस जियो ने दावा किया है कि इस वेबसाइट पर दिखाई गई सारी जानकारी का कोई पुख्ता प्रमाण नहीं है और यह सब गलत है। रिलायंस जियो के डेटाबेस में की गई इस सेंधमारी के बारे में सबसे पहले fonearena.com ने बताया है।

बस नंबर डालकर मिल रही थी जानकारी
जब fonearena.com के एडिटर ने इस वेबसाइट पर अपनी जानकारियां देखीं तो वह चौंक गए। वेबसाइट पर सिर्फ उनकी ही नहीं, बल्कि उनके अन्य सहकर्मियों की भी जानकारियां थीं। उन्होंने कई जियो नंबर डालकर चेक भी किए, जिसके बाद भी उन्हें सही जानकारी मिली। हालांकि, यह साफ नहीं हो पाया है कि इस वेबसाइट पर रिलायंस जियो के सभी नंबर हैं या नहीं, क्योंकि कई नंबर डालकर जब चेक करने की कोशिश की गई तो कई बार वेबसाइट पर कोई जानकारी नहीं दिखाई थी और एक ब्लैंक पेज सामने आया।

आधार नंबर भी दिख जा रहा था
magicapk.com वेबसाइट पर सिर्फ एक सर्च बॉक्स था, जहां आप कोई भी जियो नंबर डालकर उस नंबर के ग्राहक की जानकारियां हासिल कर सकता था। ग्राहक की जानकारी में न सिर्फ उसका नाम सामने आया, बल्कि उस ग्राहक की ईमेल आईडी और उसका आधार नंबर भी दिखाई दे रहा था। इसी बीच कई नंबर डालने पर वेबसाइट पर ब्लैंक पेज भी आया।












Click it and Unblock the Notifications