अब चिप मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में एंट्री करेंगे मुकेश अंबानी, तैयार किया ये प्लान
टेलीकॉम इंडस्ट्री में क्रांति लाने के बाद अब रिलायंस इंडस्ट्रीज की नजर सेमीकंडक्टर पर है। देश में इस इंडस्ट्री को बुलंदियों पर पहुंचाने के लिए अरबपति मुकेश अंबानी ने पूरा प्लान तैयार कर लिया है। उम्मीद जताई जा रही कि जल्द ही उनकी कंपनी सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग में एंट्री करेगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रिलायंस सेमीकंडक्टर की वैल्यू जानती है, ऐसे में वो इसके मैन्युफैक्चरिंग फील्ड में एंट्री करना चाहती है। कंपनी ने इस सेक्टर को लेकर काफी रिसर्च भी किया है। साथ ही कई विदेशी चिप निर्माता कंपनियों से उसकी बातचीत चल रही।

रिपोर्ट में आगे कहा गया कि दुनियाभर में सेमीकंडक्टर्स की मांग तेजी से बढ़ रही है। भारत भी बड़ी संख्या में इसका आयात करता है। ऐसे में रिलायंस की एंट्री से पूरी तस्वीर बदल जाएगी। अभी सेमीकंडक्टर्स का बाजार 23 बिलियन डॉलर का है, उम्मीद है कि ये 2028 तक 80 बिलियन डॉलर का हो जाएगा। इस वजह से कंपनी इस पर ज्यादा फोकस कर रही। हालांकि रिलायंस इंडस्ट्री या फिर आईटी मंत्रालय की ओर से इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
पीएम भी दे चुके हैं पॉजिटिव बयान
मोदी सरकार सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग को लेकर काफी गंभीर है। खुद कई मौके पर पीएम मोदी भी इसको लेकर पॉजिटिव बयान दे चुके हैं। जुलाई में वो गुजरात के गांधीनगर में आयोजित सेमीकॉन इंडिया कॉन्फ्रेंस 2023 में शामिल हुए थे। उस दौरान पीएम ने कहा था कि एशिया में सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में अगला पावरहाउस भारत होगा। इसके अलावा उन्होंने इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम में सुधार करने और एक मजबूत सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सेमीकंडक्टर को आसान भाषा में समझें
आज हर हाथ में मोबाइल फोन, टैबलेट, लैपटॉप रहता है। इसमें एक सिलिकॉन चिप होती है, जिसे सेमीकंडक्टर कहा जाता है। ये किसी प्रोडक्ट की कंट्रोलिंग और मेमोरी फंक्शन को ऑपरेट करते हैं। दुनियाभर में मोबाइल और लैपटॉप की खपत बढ़ रही, ऐसे में इसकी मांग भी तेज होती जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications