Banking News: फिर महंगे होंगे लोन? RBI गुरुवार को बढ़ा सकता है रेपो रेट
RBI गुरुवार को रेपो रेट बढ़ा सकता है। अगर ऐसा हुआ तो सभी तरह के लोन महंगे हो जाएंगे।

भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की तीन दिवसीय बैठक खत्म हो गई है। जिसमें महंगाई, रेपो रेट समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। अब खबर आ रही कि गुरुवार को RBI गवर्नर शक्तिकांत दास रेपो रेट में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकते हैं।
दरअसल RBI ने 3, 5 और 6 अप्रैल को अपनी मौद्रिक नीति समिति की बैठक के साथ नए वित्तीय वर्ष की अपनी पहली द्विमासिक समीक्षा शुरू की। केंद्रीय बैंक साल में 6 बार द्विमासिक समीक्षा करता है, जिसमें देश के वित्तीय हालात पर चर्चा होती है। इस बैठक के बाद से रेपो रेट बढ़ने की संभावना भी बढ़ गई है। ऐसे में लोगों की ईएमआई बढ़ जाएगी।
फरवरी की शुरुआत में RBI की नवीनतम मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) में रेपो रेट को 25 आधार अंकों से बढ़ाकर 6.5 प्रतिशत करने का निर्णय लिया था। मई 2022 से देखा जाए, तो केंद्रीय बैंक ने रेपो रेट को 250 आधार अंकों तक बढ़ा दिया है।
वहीं दूसरी ओर इन बैठकों को हितधारकों द्वारा ध्यान से देखा जा रहा है क्योंकि दुनिया का हर केंद्रीय बैंक हल्की मंदी की आशंका के साथ बढ़ती मुद्रास्फीति का जायजा लेने की कोशिश करता है।
वहीं एडवाइजरी फर्म एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज ने भी रेपो रेट में बढ़ोतरी की संभावना जताई थी। उसने अपनी एक रिपोर्ट में कहा था कि भारत का केंद्रीय बैंक रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट्स की बढ़ोतरी कर सकता है।
रेपो रेट का लोन से क्या लेना-देना?
बता दें कि रेपो रेट वो रेट होता है जिस दर पर रिजर्व बैंक अन्य कॉमर्शियल बैंकों को लोन देता है। ऐसे में जब भी रेपो रेट में बढ़ोत्तरी होती है तो अन्य बैंकों के लिए लोन लेना महंगा हो जाता है। बैंकों को अधिक ब्याज दर पर रिजर्व बैंक से पैसा मिलता है, जिसकी वजह से बैंक लोगों को महंगी ब्याज दरों पर लोन देते हैं। महंगी ब्याज दरों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ता है और लोगों की ईएमआई में बढ़ोत्तरी होती है।












Click it and Unblock the Notifications