फिर से आएंगे 500 रुपए के नए नोट, 200 रु के नोट में भी बदलाव, RBI ने बताया क्या होगा अलग
500-200 रु के नोट में फिर बदलाव,RBI ने बताया क्या होगा अलग
नई दिल्ली। 2016 में नोटबंदी के बाद रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया(RBI) ने 500 रुपए का नया नोट जारी किया था। साथ ही पहली बार 200 रुपए का नोट पहली बार जारी किया गया था। अब एक बार फिर से RBI इन नोटों में बदलाव करने जा रहा है। एक बार फिर से 500 रुपए के और 200 रुपए के नए नोट जारी किए जाएंगे। RBI ने इस बावत ट्वीट कर जानकारी दी है। आरबीआई ने कहा है कि जल्द ही 500 रुपए और 200 रुपए के नए नोट जारी किए जाएंगे। नए नोटों को महात्मा गांधी की नई सीरीज के तहत लॉन्च किया जाएगा।

जारी किए जाएंगे 500 और 200 रुपए के नए नोट
आरबीआई ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है कि जल्द ही 500 रुपए और 200 रुपए के नए नोट जारी किए जाएंगे। आरबीआई के मुताबिक नए नोटों में मामूली बदलाव ही किए जाएंगे। नए नोटों पर आरबीआई के मौजूदा गवर्नर शक्तिकांता दास के हस्ताक्षर होंगे। अब तक के नोटों पर उर्जित पटेल के हस्ताक्षर हैं।

पुराने नोटों पर नहीं पड़ेगा कोई असर
केंद्रीय बैंक ने यह साफ कर दिया है कि नए नोटों के आने से सिस्टम में चल रहे पुराने नोटों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। वो पहले की तरह ही चलते रहेंगे। RBI ने साफ कहा है कि महात्मा गांधी (नई) सीरीज वाले मौजूदा सभी नोट वैध रहेंगे।
- आरबीआई ने कहा है कि नए नोटों की डिजाइन में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
- नई सीरीज में जारी नोट पुराने सभी नोटों की तरह ही होगी।
- नए नोटों के फीचर्स में भी कोई खास बदलाव नहीं किया जाएगा।

इससे पहले भी हो चुके हैं बदलाव
रिजर्व बैंक की ओर से हाल ही में 100 रुपए का नया नोट जारी किया गया था। 100 रुपए के नए नोट पर भी नए गवर्नर शक्तिकांता दास के हस्ताक्षर थे। दिसंबर 2018 में उर्जित पटेल के अचानक इस्तीफा देने के बाद शक्तिकांत दास ने रिजर्व बैंक के गवर्नर का पदभार संभाला था। नोटबंदी के बाद से आरबीआई 2000, 500, 200, 100, 50 और 10 रुपए के नए नोट जारी कर चुका है।












Click it and Unblock the Notifications