RBI गवर्नर का दावा, 'FY 2023 में 7 प्रतिशत से ज्यादा रहेगी भारत की GDP ग्रोथ'
भारत की जीडीपी ग्रोथ वित्त वर्ष 2023 में 7 प्रतिशत से ज्यादा रह सकती है। ये दावा आरबीआई गवर्नर ने किया है।

भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास दिल्ली में बिजनेस चैंबर सीआईआई के वार्षिक सम्मेलन में शामिल हुए। वहां पर उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को लेकर एक राहत भरी बात कही। गवर्नर के मुताबिक फिस्कल ईयर (FY) 2023 में भारत की जीडीपी की ग्रोथ अनुमानित 7 प्रतिशत से ज्यादा हो सकती है।
दास ने कहा कि हाल ही के सभी ट्रेंड्स को देखा जाए तो अगर भारत की जीडीपी ग्रोथ 7 प्रतिशत से ज्यादा रही, तो कोई हैरानी नहीं होनी चाहिए। फिलहाल यही मानकर चलते ही कि ये 7 प्रतिशत रहेगी। वो ये बात विभिन्न मैक्रो फंडामेंटल्स में मजबूती के आधार पर कह रहे हैं।
वहीं इस साल की शुरुआत में जारी 2022-23 के आर्थिक सर्वेक्षण दस्तावेज में अनुमान लगाया गया था कि भारतीय अर्थव्यस्था 7 फीसदी की दर से बढ़ेगी, जबकि अगले वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए वास्तविक रूप से 6.5 प्रतिशत की बेसलाइन जीडीपी वृद्धि का अनुमान लगाया गया है।
वहीं भारत की मौद्रिक नीति और इसके भविष्य के कदम क्या हो सकते हैं? इस पर बोलते हुए आरबीआई गवर्नर ने कहा कि मेरे हाथ में कुछ भी नहीं है। ये सब जमीनी स्तर पर बहुत से कारकों पर निर्भर करता है। MPC स्थित के आधार पर ही फैसला लेती है।
उन्होंने ये भी कहा कि देश में खुदरा मुद्रास्फीति के अगले आंकड़े में महंगाई दर घटकर 4.7 फीसदी के नीचे आ सकती है। वो सरकार से साथ मिलकर महंगाई कम करने की दिशा में कदम उठा रहे। ऐसे में मई में महंगाई दर अप्रैल के मुकाबले कम रहने की भी उम्मीद है।
हाल ही में अमेरिका में कई बैंक दिवालिया घोषित हुए, जिस पर आरबीआई गवर्नर ने कहा कि उनको देश के बैंकिंग सिस्टम पर पूरा भरोसा है। हमारा सिस्टम स्थिर और मजबूत है। बैंक अच्छे ढंग से काम करे, इसको लेकर रिजर्व बैंक हर जरूरी कदम उठा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications