बजाज फाइनेंस के चेयरमैन पद से राहुल बजाज का इस्तीफा, बेटे संजीव को मिली कमान
नई दिल्ली। देश के जाने-माने बिजनेसमैन और लंबे समय तक बजाज समूह के चेयरमैन रहे राहुल बजाज अपनी फाइनेंस कंपनी बजाज फाइनेंस के गैर-कार्यकारी चेयरमैन पद से 31 जुलाई को इस्तीफा दे देंगे। उनकी जगह पर अब संजीव बजाज नियुक्त हुए हैं। चेयरमैन के रूप में संजीव बजाज 1 अगस्त से कार्यभार संभालेंगे।हालांकि, राहुल बजाज कंपनी के गैर कार्यकारी गैर स्वतंत्र निदेशक बने रहेंगे। इस घोषणा के बाद बीएसई पर बजाज फाइनेंस का शेयर 6.43 फीसदी की गिरावट के साथ 3220 रुपये पर पहुंच गया।

कंपनी के बोर्ड ने संजीव बजाज की बतौर गैर कार्यकारी चेयरमैन पद पर नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। उनका कार्यकाल 1 अगस्त से प्रभावी हो जाएगा। अभी वह कंपनी में वायर चेयरमैन हैं। साथ ही वह 2013 से बजाज एलायंज लाइफ इंश्योरेंस कंपनी और बजाज एलायंज जनरल इंश्योरेंस कंपनी में भी चेयरमैन हैं। साथ ही वह बजाज होल्डिंग्स एंड इनवेस्टमेंट के भी मैनेजिंग डायरेक्टर हैं।
कंपनी ने बताया कि गैर कार्यकारी चेयरमैन राहुल बजाज 1987 में इसकी स्थापना से ही इसका संचालन कर रहे हैं। साथ ही समूह में वे बीते 5 दशक से सक्रिय हैं। राहुल बजाज का जन्म 10 जून 1938 को एक मारवाड़ी परिवार में बंगाल प्रेसिडेंसी (आजादी से पहले का पश्चिम बंगाल) में हुआ था। राहुल बजाज भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और समाजसेवी जमनालाल बजाज के पोते हैं।
आपको बता दें कि साल 1972 में बजाज ऑटो ने देश में अपने चेतक स्कूटर को लांच किया। इस स्कूटर ने बाजार में आते ही धूम मचा दी थी और देश के युवाओं की पहली पसंद बन चुकी थी। उस दौर में इस स्कूटर का वेटिंग परियड 4 से 5 साल का था। बजाज राज्यसभा के लिए 2006-2010 तक सदस्य भी रहे। उन्हें भारत के तीसरे सर्वोच्च सम्मान 'पद्म भूषण' से भी सम्मानित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications