आखिर कैसी होगी पतंजलि की स्वदेशी जीन्स?
नई दिल्ली। जहां एक ओर बाबा रामदेव के पंतजलि का टर्नओवर लगातार बढ़ता जा रहा है, वहीं अब उन्होंने स्वदेशी जीन्स लाने की घोषणा कर दी है। अब हर तरफ लोगों में इस बात की उत्सुकता है कि आखिर ये स्वदेशी जीन्स होगी कैसी? वनइंडिया के भी बहुत से यूजर्स ने रामदेव की तरफ से स्वदेशी जीन्स लॉन्च करने की घोषणा के बाद ये सवाल उठाया है कि आखिर स्वदेशी जीन्स में सामान्य जीन्स से अलग क्या होगा?

स्पाइकर के सीओओ ने भी उठाया सवाल
स्पाइकर लाइफस्टाइल प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर और सीओओ संजय वखारिया ने कहा है कि हमारी कंपनी जीन्स बनाने वाला एक भारतीय ब्रांड है, जो पिछले 23 सालों से चल रही है। स्वदेशी शब्द पर सवाल उठाते हुए वह कहते हैं कि आखिर स्वदेशी जीन्स में क्या होगा?
अगर सिर्फ स्वदेशी शब्द जोड़ने भर से हर चीज भारत में बनी हुई मानी जाती है तो स्पाइकर भी स्वदेशी है, क्यों कि यह भारत में ही बनती है और इसके अधिकतर ग्राहक भी भारतीय ही हैं।
सूती होगी ये जीन्स
द इकोनॉमिक टाइम्स के अनुसार एक इंटरव्यू में ये बताया गया है कि पतंजलि की स्वदेशी जीन्स पूरी तरह से सूती होगी। अभी तक स्वदेशी जीन्स के बारे में इससे अधिक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
सोच-समझकर किया है फैसला
पतंजलि की तरफ से स्वदेशी जीन्स लाने का फैसला बाबा रामदेव ने काफी सोच-समझ कर किया है। देश की आधी से अधिक आबादी 20-60 साल की उम्र की है, जबकि महज 9-10 प्रतिशत लोग ही 60 साल से अधिक की उम्र के हैं।
आपको बता दें कि पिछले साल पतंजलि का टर्नओवर 5000 करोड़ रुपए रहा था, जिसे 2017 तक 10,000 करोड़ रुपए करने की अनुमानित घोषणा बाबा रामदेव पहले ही कर चुके हैं। ऐसे में पतंजलि की स्वदेशी जीन्स बाबा रामदेव के लिए खासी मददगार साबित हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications