Petrol Price: पेट्रोल और डीजल पर सरकार ने 2 रुपये बढ़ाई एक्साइज ड्यूटी, रिटेल कीमतों में नहीं होगा बदलाव
Petrol Price Diesel Price: पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई गई है। केंद्र सरकार ने सोमवार 07 अप्रैल को एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने की घोषणा की है। राजस्व विभाग की अधिसूचना में कहा गया है कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर 2-2 रुपये उत्पाद शुल्क बढ़ाया है। एक्साइज ड्यूटी में ये बढ़ोतरी कल मंगलवार (08 अप्रैल) से लागू होगी। लेकिन आपको बता दें कि इससे पेट्रोल और डीजल के रिटेल दामों में बढ़ोतरी नहीं होने वाली है। आम जनता को पेट्रोल और डीजल अब भी उसी कीमत पर मिलेगी।
आदेश के मुताबिक पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क बढ़ाकर ₹13 प्रति लीटर और डीजल पर ₹10 प्रति लीटर कर दिया गया है।उद्योग सूत्रों ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि हालांकि उत्पाद शुल्क में बढ़ोतरी की गई है, लेकिन वैश्विक तेल कीमतों में गिरावट के कारण खुदरा कीमतों में वृद्धि की संभावना नहीं है।

पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ी है, इसके रिटेल दाम नहीं: हरदीप सिंह पुरी
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी कहते हैं, "आपने वित्त मंत्रालय की एक अधिसूचना देखी होगी जिसमें कहा गया है कि पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 2 रुपये की बढ़ोतरी की जा रही है। मैं रिकॉर्ड पर पहले ही स्पष्ट कर दूं कि एक्साइज ड्यूटी के बढ़ने से इसका बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं डाला जाएगा...। यानी आम आदमी को पेट्रोल और डीजल के दाम पहले जैसे ही मिलेंगे।''
हरदीप सिंह पुरी ने कहा, ''कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमत घटकर लगभग 60 डॉलर प्रति बैरल हो गई है, लेकिन कृपया याद रखें कि हमारी तेल विपणन कंपनियां 45 दिनों की अवधि के लिए स्टॉक रखती हैं। अगर आप जनवरी में वापस जाएं, तो उस समय कच्चे तेल की कीमत 83 डॉलर थी, जो बाद में घटकर 75 डॉलर हो गई। इसलिए उनके पास जो कच्चे तेल का स्टॉक है, वह औसतन 75 डॉलर प्रति बैरल है...आप उम्मीद कर सकते हैं कि वैश्विक कीमत के हिसाब से तेल विपणन कंपनियां पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी करेंगी। एक विनियमन मुक्त क्षेत्र में, आप उनसे बाजार खुदरा मूल्य को तदनुसार समायोजित करने की उम्मीद कर सकते हैं।"
देश में की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.67 रुपये प्रति लीटर है। देश में सबसे सस्ता पेट्रोल डीजल फिलहाल पोर्ट ब्लेयर में है। यहां पेट्रोल 82.46 रुपये और डीजल 78.05 रुपये लीटर है। इससे पहले केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक्साइज ड्यूटी मई 2022 में घटाई थी।












Click it and Unblock the Notifications