Petrol Diesel Price: क्रूड ऑयल हुआ महंगा! दिल्ली, मुंबई समेत क्या आज आपके शहर में भी बढ़े तेल के दाम?
Petrol Diesel Price Today 9 July 2026: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर एक बार फिर दुनिया के तेल बाजार पर दिखाई दे रहा है। लगातार दूसरे दिन अमेरिका की ओर से ईरान में सैन्य कार्रवाई के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में तेज उछाल आया है। इसके चलते माना जा रहा था कि भारत में भी पेट्रोल और डीजल महंगे हो सकते हैं।
हालांकि फिलहाल आम लोगों को राहत मिली है, क्योंकि सरकारी तेल कंपनियों ने 9 जुलाई के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।

इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने आज भी पुराने रेट ही जारी किए हैं। यानी देशभर में पेट्रोल और डीजल पहले की कीमत पर ही मिल रहा है।
क्यों बढ़ रहे हैं कच्चे तेल के दाम?
पिछले कुछ दिनों से पश्चिम एशिया (Middle East) में हालात फिर तनावपूर्ण हो गए हैं। अमेरिका ने लगातार दूसरे दिन ईरान में कई ठिकानों पर हमले किए हैं। इसके बाद दुनिया भर के निवेशकों को चिंता है कि अगर यह तनाव और बढ़ा तो तेल की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। इसी वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। तेल बाजार में अस्थिरता बढ़ने से आने वाले दिनों में कई देशों पर इसका असर पड़ सकता है।
भारत में अभी क्यों नहीं बढ़े दाम?
अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल महंगा होने के बावजूद भारत में फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर रखी गई हैं। पिछले सप्ताह केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी साफ कहा था कि मौजूदा समय में ईंधन की कीमतें कम करने की कोई योजना नहीं है। वहीं तेल कंपनियों ने भी आज के लिए किसी तरह की बढ़ोतरी या कटौती का ऐलान नहीं किया है।
9 जुलाई को प्रमुख शहरों में पेट्रोल के दाम
- नई दिल्ली: ₹102.12 प्रति लीटर
- मुंबई: ₹111.21 प्रति लीटर
- कोलकाता: ₹113.51 प्रति लीटर
- चेन्नई: ₹108.01 प्रति लीटर
- हैदराबाद: ₹115.73 प्रति लीटर
- बेंगलुरु: ₹110.89 प्रति लीटर
9 जुलाई को प्रमुख शहरों में डीजल के दाम
- नई दिल्ली: ₹95.20 प्रति लीटर
- मुंबई: ₹97.83 प्रति लीटर
- कोलकाता: ₹99.82 प्रति लीटर
- चेन्नई: ₹99.66 प्रति लीटर
- हैदराबाद: ₹103.82 प्रति लीटर
- बेंगलुरु: ₹98.80 प्रति लीटर
पेट्रोल और डीजल की कीमतें कैसे तय होती हैं?
भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम सिर्फ कच्चे तेल की कीमत पर निर्भर नहीं करते। इनके पीछे कई अन्य कारण भी होते हैं।इनमें अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का भाव, डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत, केंद्र और राज्य सरकारों के टैक्स, रिफाइनिंग का खर्च, माल ढुलाई की लागत और तेल कंपनियों का मार्जिन शामिल होता है। इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सरकारी तेल कंपनियां रोजाना ईंधन की कीमतें तय करती हैं।
क्या आने वाले दिनों में सस्ते होंगे दाम?
आम जनता को उम्मीद थी कि वैश्विक उथल-पुथल के बीच सरकार टैक्स या कीमतों में कटौती कर कुछ राहत दे सकती है। लेकिन पिछले हफ्ते केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी (Hardeep Singh Puri) ने साफ कर दिया कि इस मौजूदा नाजुक मोड़ पर ईंधन की कीमतों को कम करना कोई तार्किक विचार नहीं है और सरकार फिलहाल इस दिशा में कदम नहीं बढ़ा रही है।














Click it and Unblock the Notifications