पेटीएम ने बदले नियम, वॉलेट को क्रेडिट कार्ड से रिचार्ज करने पर लगेगा 2 फीसदी का चार्ज
पेटीएम ने अपने नियमों में बदलाव कर दिया है और अब नए नियम के तहत अगर आप क्रेडिट कार्ड से पेटीएम वॉलेट को रिचार्ज करते हैं तो आपको 2 फीसदी का ट्रांजेक्शन चार्ज देना होगा।
नई दिल्ली। अगर आप भी पेटीएम इस्तेमाल करते हैं और पेटीएम वॉलेट को क्रेडिट कार्ड से रिचार्ज करते हैं तो अब आपको इसकी कीमत चुकानी पड़ सकती है। पेटीएम ने अपने नियमों में बदलाव कर दिया है और अब नए नियम के तहत अगर आप क्रेडिट कार्ड से पेटीएम वॉलेट को रिचार्ज करते हैं तो आपको 2 फीसदी का ट्रांजेक्शन चार्ज देना होगा। यह नया नियम 8 मार्च से लागू हो गया है। बताया जा रहा है कि पेटीएम को शिकायत मिली थी कि कुछ लोग बैंक ट्रांजेक्शन चार्ज से बचने के लिए पेटीएम का दुरुपयोग कर रहे हैं, जिसके बाद कंपनी ने यह कदम उठाया है।

अन्य माध्यमों पर नहीं लगेगा टैक्स
भले ही पेटीएम ने क्रेडिट कार्ड से रिचार्ज करने पर अपने नियम में बदलाव किया है, लेकिन अगर आप किसी अन्य माध्यम से रिचार्ज करते हैं तो आपको कोई चार्ज नहीं देना होगा। इन अन्य माध्यमों में नेट बैंकिंग और डेबिट कार्ड जैसे विकल्प शामिल हैं। वहीं अगर आप पेटीएम से कुछ खरीददारी करते हैं और उसका भुगतान अपने क्रेडिट कार्ड से करते हैं तो आप पर कोई भी चार्ज नहीं लगेगा। आपको बता दें कि नोटबंदी की घोषणा के बाद पेटीएम ने दुकानदारों के लिए जीरो फीसदी की दर से ट्रांजैक्शन करने का प्लेटफॉर्म शुरू किया था, ताकि वे अधिक से अधिक पेटीएम वॉलेट का इस्तेमाल कर सकें। ये भी पढ़ें- नोटबंदी से पेटीएम के मालिक बने अरबपति, मुकेश अंबानी फिर भी हैं देश के सबसे अमीर शख्स
कैसे हो रहा था पेटीएम का दुरुपयोग
कुछ यूजर्स अपने पेटीएम वॉलेट में क्रेडिट कार्ड के जरिए पैसे डालते थे और फिर उसे जीरो ट्रांजेक्शन कॉस्ट पर अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर देते थे। इस तरह से पेटीएम के पैसे बिना किसी तरह का चार्ज दिए ही पेटीएम वॉलेट से बैंक खाते में चले जाते थे और किसी तरह का कोई चार्ज नहीं देना पड़ता था। पेटीएम का इस मामले पर कहना है कि जब भी कोई यूजर क्रेडिट कार्ड से वॉलेट में पैसे डालता या उसे वापस अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करता है तो पेटीएम को इसके लिए एक चार्ज देना पड़ता है, जिसकी वजह से पेटीएम को नुकसान होता है। पेटीएम की मानें तो उन्हें सिर्फ तभी फायदा होता है, जब कोई यूजर उनके प्लैटफॉर्म से कोई सेवा लेता है या प्रोडक्ट खरीदता है।












Click it and Unblock the Notifications