Paytm में अब विजय शेखर होंगे सबसे बड़े हिस्सेदार, 628 मिलियन डॉलर में हुई डील, शेयर में भी उछाल
Paytm New Deal: पेटीएम की मूल कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड के फाउंडर, मैनेजिंग डायरेक्ट और सीईओ विजय शेखर शर्मा पेटीएम में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने जा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने एंटफिन (नीदरलैंड) होल्डिंग्स बीवी (Antfin Holdings BV) से 628 मिलियन अमेरिकी डॉलर में समझौता किया, जिसके तहत उनको 10.3 प्रतिशत शेयर हासिल होंगे।
जानकारी के मुताबिक ये लेन-देन नीदरलैंड स्थित रेजिलिएंट एसेट मैनेजमेंट बीवी के माध्यम से हुआ, जिसमें विजय का 100 प्रतिशत स्वामित्व है। ऑफ-मार्केट ट्रांसफर के पूरा होने पर पेटीएम में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों तरह से शर्मा की कुल हिस्सेदारी बढ़कर 19.42 प्रतिशत हो जाएगी।

वहीं दूसरी ओर इस सौदे के बाद से एंटफिन की शेयरधारिता घटकर 13.5 प्रतिशत रह जाएगी। इसके अलावा वो अब कंपनी के सबसे बड़े शेयरधारक भी नहीं रह जाएंगे।
कंपनी के मुताबिक ये पूरी डील बाजार मूल्य पर हुई है। जिसके तहत 4 अगस्त की वैल्यू के आधार पर 10.30 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए 628 मिलियन अमेरिकी डॉलर दिया जाएगा। इस डील के पूरी होने के बाद भी विजय शर्मा मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ बने रहेंगे। साथ ही मौजूदा बोर्ड बरकरार रहेगा।
शर्मा ने जताया आभार
वहीं डील पर विजय शेखर शर्मा ने कहा कि पेटीएम ने डिजिटल पेमेंट में जो क्रांति लाई है, उस पर मुझे गर्व है। जिन लोगों ने कंपनी पर पिछले कुछ सालों से भरोसा जताया है, मैं उनका आभारी हूं। इसके साथ ही हम स्वामित्व के हस्तांतरण की घोषणा करते हैं। उन्होंने वर्षों से उनके अटूट समर्थन और साझेदारी के लिए एंटफिन का भी आभार व्यक्त किया।
शेयरधारकों की भी बल्ले-बल्ले
वहीं इस डील का असर पेटीएम के शेयर पर भी देखने को मिला। सोमवार को इंट्रा-डे में बीएसई पर पेटीएम के शेयर 12 प्रतिशत उछाल के साथ 887.55 पर पहुंच गए थे। हालांकि बाद में कुछ नरमी आई और वो 846 (6.35 प्रतिशत) पर कारोबार करने लगे।












Click it and Unblock the Notifications