Nivesh Ka Funda: पोस्ट ऑफिस की RD योजना, छोटे निवेश से लखपति बनने की जबरदस्त स्कीम
Post Office RD: डाकघर की छोटी बचत योजनाएं अपने सुरक्षित निवेश और उच्च रिटर्न के लिए काफी लोकप्रिय हैं। इनमें से डाकघर आवर्ती जमा (आरडी) योजना काफी लंबे समय से लोगों में लोकप्रिय है। इस स्कीम में आप एक निश्चित राशि को तय समय अंतराल में जमा कर सकते हैं।
इस स्कीम में आप कुछ ही सालों में लाखों रुपए का फंड जमा कर सकते हैं। इस स्कीम को लखपति बनाने वाली स्कीम के तौर पर भी जाना जाता है, जिसकी वजह से यह लोगों में काफी लोकप्रिय है। इस स्कीम के लिए आपको पोस्ट ऑफिस में 5-वर्षीय डाकघर आवर्ती जमा खाता (आरडी) खुलवाना होगा।

हर किसी के लिए यह योजना
पोस्ट ऑफिस आरडी योजना बच्चों, वयस्कों और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी आयु समूहों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। इस योजना की मैंच्युरिटी यानि परिपक्वता अवधि पांच वर्ष निर्धारित की गई है, लेकिन इसे दस वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है।
6.7 फीसदी का रिटर्न
2023 में आरडी पर मिलने वाली ब्याज दर 6.5% से बढ़ाकर 6.7% कर दी गई, जिससे यह निवेशकों के लिए और भी अधिक आकर्षक विकल्प बन गया। पोस्ट ऑफिस आरडी स्कीम में खाता खोलना बहुत आसान है। आप किसी भी नजदीकी पोस्ट ऑफिस में 100 रुपये के न्यूनतम निवेश के साथ खाता खोल सकते हैं।
बच्चों का भी खुल सकती है आरडी
आप इसमे कितनी भी राशि का निवेश कर सकते हैं, इसकी कोई ऊपरी सीमा नहीं है। इसके अलावा नाबालिगों के नाम पर भी खाता खोला जा सकता है, बशर्ते माता-पिता को इसके लिए जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे।
समय से पहले भी बंद कर सकते हैं
अगर आपको किसी वजह से समय से पहले अपना खाता बंद करना पड़ता है तो पोस्ट ऑफिस आरडी योजना समय से पहले बंद करने की अनुमति देती है।
आप अपने खाते को परिपक्व होने से पहले समाप्त कर सकते हैं और खाता सक्रिय होने के एक वर्ष बाद लोन की सुविधा भी प्राप्त कर सकते हैं। आपको जमा की गई राशि का 50% तक मौजूदा दर से 2% अधिक ब्याज दर पर लोन मिल सकता है।
पांच साल में 3.56 लाख का फंड
उदाहरण के तौर पर अगर आप इस योजना में 5000 रुपये हर महीने निवेश करने का फैसला लेते हैं तो पांच साल में आपका कुल निवेश 3 लाख रुपये होगा, जिसमें 6.7% की दर से ब्याज के रूप में 56,830 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। इससे आपका कुल फंड 3,56,830 रुपये हो जाएगा।
10 साल में 8.54 लाख
अगर आप इस निवेश को अगले पांच साल के लिए बढ़ाते हैं तो आपकी कुल जमा राशि 6 लाख रुपये हो जाएगी। इस अवधि में अर्जित ब्याज उसी ब्याज दर पर 2,54,272 रुपये होगा। लिहाजा दस साल बाद आपका कुल फंड 8,54,272 रुपये हो जाएगा।
यहां अहम बात यह है कि पोस्ट ऑफिस आरडी योजनाओं में निवेश पर मिलने वाले ब्याज पर आपको टीडीएस देना होता है। यानि ब्याज सालाना 10,000 रुपये से अधिक है तो 10% का टीडीएस काटा जाता है। हालांकि आप आयकर रिटर्न के आधार पर यह राशि वापस पा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications