'भूल जाइए पेट्रोल-डीजल, आने वाला है हाइड्रोजन ईंधन, किसान भी करेंगे तैयार', नितिन गडकरी की बड़ी योजना
नितिन गडकरी ने कहा कि आने वाले दिनों में लीथियम-आयन बैटरी के दाम में कमी होगी और भारत बड़ी मात्रा में इन बैटरी को विदेशों में निर्यात करना शुरू कर सकता है।

Hydrogen Fuel: केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि हाइड्रोजन भारत की गाड़ियों के भविष्य का ईंधन है। आने वाले दिनों में यह ग्रीन ईंधन किसान भी तैयार करेंगे। शनिवार को एक कार्यक्रम में बोलते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि लीथियम-आयन बैटरी भारत में गैसल और डीजल ईंधन का विकल्प बनेंगी और गाड़ियां इनके जरिए ही चलेंगी। हर साल हम तकरीबन 16 लाख करोड़ रुपए का कच्चा तेल बाहर से आयात करते हैं, लेकिन जल्द ही भारतीय किसान इस ग्रीन ईंधन हाइड्रोजन को तैयार करेंगे।
भारत बैटरी करेगा निर्यात
नितिन गडकरी ने कहा कि आने वाले दिनों में लीथियम-आयन बैटरी के दाम में कमी होगी और भारत बड़ी मात्रा में इन बैटरी को विदेशों में निर्यात करना शुरू कर सकता है। इसके साथ ही भारत ग्रीन हाइड्रोजन के निर्यात करने की दिशा में काम कर रहा है और 2025 तक भारत इसका बड़ा निर्यातक देश बन सकता है। नितिन गडकरी ने बताया कि अक्टूबर 2022 में सिंगापुर के केप्पल और भारत के ग्रीनको के बीच एमओयू साइन हुआ है, जोकि भारत से ग्रीन हाइड्रोजन के निर्यात की संभावना की तलाश करेगी।
एक्सिडेंट को लेकर जाहिर की चिंता
इस दौरान नितिन गडकरी ने भारत की सड़कों पर हो रहे हादसों को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि हम सड़क हादसों को कम नहीं कर पा रहे हैं, इसको लेकर मैं काफी निराश हूं। गडकरी ने कहा कि लोग नियमों का पालन नहीं करते हैं, वह सीट बेल्ट नहीं बांधते हैं, रेड लाइट को फॉलो नहीं करते हैं, दो पहिया वाहन चालक हेलमेट नहीं पहनते हैं। बहुत ही कम आयु में युवाओं को ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक करने की जरूरत है। प्राथमिक स्तर पर ही बच्चों को इसके बारे में बताना चाहिए।
हर रोज 60 किलोमीटर सड़क बनाने का लक्ष्य
नितिन गडकरी ने कहा कि मेरा लक्ष्य हर रोज 60 किलोमीटर नया हाईवे तैयार करने का है। इसके साथ ही हाईवे पर अतिरिक्त सुविधा जैसे हेलीपैड, ड्रोन पैड आदि को भी तैयार किया जाएगा। आने वाले समय में आपात ट्रांसपोर्ट की स्थिति में यह काफी कारगर साबित होने वाले हैं। गौर करने वाली बात है कि नितिन गडकरी लगातार देश की सड़कों को बेहतर करने पर जोर दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications