Maruti Invicto: जानिए मारुति की सबसे प्रीमियम कार की कीमत और खूबियां
Maruti Invicto: मारुति ने अपनी सबसे प्रीमियम कार इनविक्टो को 24.79 लाख रुपये से शुरू होने वाली कीमतों के साथ लॉन्च कर दिया है। इनविक्टो में हाइब्रिड मोटर के साथ 2.0-लीटर पेट्रोल इंजन है।
सात सीटों वाली ये लग्जरियस गाड़ी बेहद शानदार फीचर्स से लैस है। मारुति सुजुकी इंडिया की भारत में अब तक की सबसे महंगी कार इनविक्टो मूल रूप से टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस एमपीवी का रीबैज वर्जन है

टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस एमपीवी पिछले साल लॉन्च हुई थी। इनविक्टो मारुति और टोयोटा किर्लोस्कर के बीच हुई साझेदारी के बाद तैयार की गई शानदार कार है। बता दें कि दोनों की पार्टनरशिप 2016 में शुरू होने के बाद 2019 में औपचारिक हो गई थी।
दोनों कंपनियों के संयुक्त बयान के अनुसार, इलेक्ट्रिक वाहन प्रौद्योगिकी और स्वायत्त ड्राइविंग सहित "नए क्षेत्रों में दीर्घकालिक सहयोग" स्थापित और बढ़ावा देगा। इनविक्टो सब्सक्रिप्शन के लिए 61,860 रुपये प्रति माह की दर पर भी उपलब्ध होगा।
कार को तीन वेरिएंट्स - Zeta+ (7 सीटर), Zeta+ (8 सीटर) और Aplha+ (7 सीटर) में पेश किया गया है। पहले वर्जन की कीमत ₹ 24.79 लाख से शुरू होती है। टॉप वेरिएंट के लिए ₹ 28.42 लाख तक देने होंगे। मिड वेरिएंट की कीमत 24.84 लाख रुपये रखी गई है।
चार रंगों में उपलब्ध इनविक्टो मारुति का नया फ्लैगशिप मॉडल है। कलर ऑप्शन में नेक्सा ब्लू और मिस्टिक व्हाइट शामिल हैं। यह नेक्सा लाइन-अप का आठवां उत्पाद होगा।
नेक्सा प्रीमियम रिटेल नेटवर्क के माध्यम से बेची जाने वाली कार इन्विक्टो में हाइब्रिड मोटर के साथ 2.0-लीटर पेट्रोल इंजन है। पेट्रोल इंजन से 172bhp की पावर और 188Nm का टॉर्क जेनरेट होगा। कंपनी जल्द दी ऑन रोड कीमत का भी खुलासा करेगी।
ट्रांसमिशन में सिर्फ ई-सीवीटी यूनिट का विकल्प मिलेगा। मारुति सुजुकी के शशांक श्रीवास्तव ने पिछले महीने कहा था कि कंपनी एसयूवी सेगमेंट में 24 प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद कर रही है। बड़े मार्केट शेयर को टारगेट कर रही सुजुकी को नए लॉन्च से वॉल्यूम ग्रोथ में मदद मिलने की उम्मीद है।
जून में, देश की शीर्ष कार निर्माता मारुति सुजुकी इंडिया की कुल घरेलू यात्री वाहन बिक्री साल-दर-साल 8.5 प्रतिशत बढ़कर 133,027 इकाई हो गई। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी की यूटिलिटी व्हीकल की बिक्री एक साल पहले की तुलना में दोगुनी से भी ज्यादा हो गई है।
सुजुकी की मार्केट परफॉर्मेंस के बारे में एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, बीक्यू प्राइम से बात करते हुए मारुति के शीर्ष अधिकारियों ने भी शेयर में उछाल की उम्मीद जाहिर की है। मीडिया रिपोर्ट्स में इन्विक्टो की लॉन्चिंग के बाद मारुति के शेयर में उछाल की खबरें भी सामने आईं।












Click it and Unblock the Notifications