मुकेश अंबानी ने किया बंगाल में 5,000 करोड़ रुपए निवेश करने का ऐलान, ममता बनर्जी की जमकर की तारीफ
कोलकाता। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने मंगलवार को एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी पश्चिम बंगाल में 5,000 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। यह निवेश पेट्रोलियम और खुदरा कारोबार में किया जाएगा। वो कोलकाता में आयोजित दो दिवसीय 'बंगाल वैश्विक व्यापार शिखर सम्मेलन' में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि यह निवेश अगले तीन सालों में होगा। राज्य में मोबाइल फोन और सेट टॉप बॉक्स के विनिर्माण के जरिए इलेक्ट्रॉनिक उद्योग को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो नेटवर्क के दायरे में पश्चिम बंगाल की 100 फीसदी आबादी इस साल दिसंबर में आ जाएगी।

दूरसंचार करोबार में 15,000 करोड़ रुपए निवेश कर चुका है रिलायंस
मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज राज्य में दूरसंचार कारोबार में 15,000 करोड़ रुपये का निवेश कर चुका है। हालांकि, उसने पहले इसके लिए 4,500 करोड़ रुपये निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई थी। अंबानी ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य में अनुकूल कारोबारी माहौल से यह संभंव हुआ है।

बिटकॉइन की तरह क्रिप्टोकरेंसी लाने का प्लान
रिलायंस की तरफ से लगातार बढ़ रहे निवेश के बीच खबर आई थी कि रिलायंस बिटकॉइन (BitCoin) की तरह अपनी क्रिप्टोकरेंसी लाने का प्लान कर रहा है। हालांकि इस सम्मेलन में अंबानी ने इस संबंध में कुछ भी नहीं कहा। लेकिन जो जानकारी है उसके मुताबिक इस क्रिप्टोकरेंसी का नाम जियो कॉइन (JioCoin) रखा जाएगा। जानकारी ये भी मिली है कि इस अहम प्रोजेक्ट का नेतृत्व मुकेश अंबानी के बेटे आकाश अंबानी करेंगे।

ममता बनर्जी की जमकर तारीफ
अपने संबोधन में मुकेश अंबानी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल बेस्ट बंगाल बन रहा है। उन्होंने कहा कि दीदी के नेतृत्व में बंगाल ने अतीत की धीमी विकास दर को अलविदा कह आज भारत की चौथी सबसे बड़ी राज्य अर्थव्यवस्था बन गई।

दिसंबर 2018 तक जियो नेटवर्क के दायरे में होगा पश्चिम बंगाल
मुकेश अंबानी ने मंगलवार को कहा कि जियो नेटवर्क के दायरे में पश्चिम बंगाल की 100 फीसदी आबादी इस साल दिसंबर में आ जाएगी उन्होंने कहा कि वर्तमान में हमारे जियो नेटवर्क के दायरे में राज्य के 1,000 शहर और 39,000 गांव हैं। जियो बंगाल की 100 फीसदी आबादी तक साल 2018 के दिसंबर में पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि हम ऑप्टिकल फाइबर के साथ बंगाल को जोड़ने की महत्वाकांक्षी परियोजना पर काम कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications