रिलायंस जियो के नए ग्राहकों के लिए आया Happy New Year ऑफर, जानिए क्या है खास
जियो में पोर्ट करने वाले ग्राहकों को हैप्पी न्यू ईयर ऑफर का फायदा मिलेगा। इसके अलावा पुराने ग्राहकों को भी नए ऑफर की सारी सुविधाएं मिलेंगी।
मुंबई। रिलायंस जियो वेलकम ऑफर की कामयाबी को भुनाते हुए कंपनी ने एक और नया ऑफर दिया है। कंपनी ने नए ग्राहकों को लुभाने के लिए 'जियो हैप्पी न्यू ईयर' ऑफर की घोषणा की है। रिलायंस प्रमुख मुकेश अंबानी ने गुरुवार को ऑफर की जानकारी दी।

जियो यूजर को मिलेगा ये ऑफर
मुकेश अंबानी ने बताया कि 4 दिसंबर से कंपनी का कनेक्शन लेने वाले ग्राहकों को 31 मार्च 2017 तक वायस कॉल और 4जी डाटा फ्री मिलेगा। इसके लिए भी डाटा लिमिट रोजाना के लिए 4जीबी फिक्स रहेगी। इसके साथ ग्राहक जियो के सारे ऐप भी इस्तेमाल कर सकेंगे।

सिर्फ 5 मिनट में चालू होगा कनेक्शन
जियो के Happy New Year ऑफर को पाने के लिए आपको किसी भी जियो स्टोर से आधार कार्ड की कॉपी देकर सिम लेना होगा। सिम एक्टिवेशन के लिए ई-केवाईसी का इस्तेमाल किया जा रहा है जिससे सिम महज पांच मिनट में एक्टिवेट होगा।

नंबर बदलने की भी जरूरत नहीं
रिलायंस जियो ने मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी (MNP) सर्विस भी शुरू कर दी है। जियो में पोर्ट करने वाले ग्राहकों को हैप्पी न्यू ईयर ऑफर का फायदा मिलेगा। उनके लिए भी मार्च 2017 तक कॉलिंग और डाटा का इस्तेमाल फ्री होगा।

जियो मनी ऐप भी लॉन्च
मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो मनी ऐप का इस्तेमाल भी यूजर कर सकेंगे। इसे प्ले स्टोर और ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। मुकेश अंबानी ने नोटबंदी के लिए प्रधानमंत्री की सराहना की और कहा कि जियो मनी ऐप लोगों के लिए मददगार साबित होगा।












Click it and Unblock the Notifications