मारुति सुजुकी ने सभी कारों के दाम में बढ़ोत्तरी का किया ऐलान, जानिए कितनी बढ़ी कीमतें
नई दिल्ली, 19 अप्रैल। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने अपनी कारों की कीमतों में इजाफा कर दिया है। मारुति सुजुकी की ओर से इस बात की सोमवार को जानकारी दी गई है। कंपनी की ओर से कहा गया है कि हम अपने सभी मॉडल के दाम में औसतन 1.3 फीसदी की बढ़ोत्तरी कर रहे हैं क्योंकि इनपुट लागत में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। अलग-अलग कार के मॉडल में 0.9 फीसदी से 1.9 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी की गई है। कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को इस बात की जानकारी दी है कि औसत बढ़ोत्तरी 1.3 फीसदी की है। कार की बढ़ी कीमतें 18 अप्रैल 2022 से लागू हो जाएंगी।

कंपनी की ओर से कहा गया है कि पिछले कुछ सालों में कंपनी की कार बनाने में लागत काफी बढ़ी है, अलग-अलग इनपुट कॉस्ट बढ़ने की वजह से इसका कार निर्माण पर गलत असर हुआ है। लिहाजा कंपनी के लिए यह जरूरी हो गया कि इस प्रभाव को कम करने के लिए कार की कीमतों में कुछ बढ़ोत्तरी की जाए। कंपनी ने 6 अप्रैल को एक बयान में इस बाबत एडवांस में जानकारी दी थी। कंपनी की ओर से कार के दामों में बढ़ोत्तरी के ऐलान के बाद इसके शेयर में 0.92 फीसदी की बढ़ोत्तरी देखने को मिली और इसके शेयर के दाम 7540.25 रुपए तक पहुंच गए।
बता दें कि मारुति सुजुकी इंडिया सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन जापान की सब्सिडरी कंपनी है। इस कंपनी का मुख्य काम कार का उत्पादन, गाड़ियों की खरीद और बिक्री है। कंपनी ने कुल फायदे में 47.8 फीसदी की गिरावट देखने को मिली थी। 2021 की तीसरी तिमाही की तुलना में 2022 की तीसरी तिमाही में कुल मुनाफा 1041.80 करोड़ रहा जबकि कुल बिक्री 22186.20 करोड़ रुपए की हुई।












Click it and Unblock the Notifications