Jio Phone की बुकिंग हुई बंद, जानिए अब कैसे बुक होगा फोन
नई दिल्ली। रिलायंस जियो के जियो फोन की बुकिंग 24 अगस्त शाम 5.30 शुरू हुई थी और अब कंपनी ने उसे बंद भी कर दिया है। दो दिन से भी कम समय के अंदर ही कंपनी के पास इतने अधिक मोबाइल फोन बुक करनी की मांग आ गई कि कंपनी को प्री बुकिंग बंद करनी पड़ी। जियो ने खुद ही बताया है कि बहुत अधिक संख्या में बुकिंग होने की वजह से प्री-बुकिंग को बंद किया गया है।

कंपनी से आ रहे हैं ये मैसेज
रिलांयस जियो की वेबसाइट पर फिलहाल यह मैसेज आ रहा है कि जैसे ही प्री-बुकिंग दोबारा शुरू होगी, आपको उसकी जानकारी दे दी जाएगी। कंपनी का तरफ ग्राहकों को मैसेज भी भेजे जा रहे हैं। इस मैसेज में लिखा है- शुक्रिया इंडिया, लाखों लोगों ने जियो फोन बुक करवाया है। जब बुकिंग दोबारा शुरू होगी तो हम आपको सूचित करेंगे। हर मैसेज के साथ ग्राहकों को एक खास लिंक भी भेजा जा रहा है, जिस पर जाकर आप अपना इंटरेस्ट दर्ज करवा सकते हैं।

कैसे होती है प्री-बुकिंग?
रिलायंस जियो के जियो फोन की प्री-बुकिंग के लिए आपको सबसे पहले रिलायंस जियो की वेबसाइट या ऐप पर जाना होता है। वहां पर आपको जियो फोन की प्री-बुकिंग के लिंक पर क्लिक करना होता है। इसके बाद आपसे आपको मोबाइल नंबर और एरिया पिन कोड पूछा जाता है। जैसे ही आप यह जानकारी डालकर आगे बढ़ते हैं, उसके बाद आपको भुगतान करना होता है।

कितने पैसे लगते हैं प्री-बुकिंग में?
जियो फोन की प्री-बुकिंग के लिए आपको 500 रुपए का शुल्क देना होता है, जो रिफंडेबल होते हैं। जैसे ही फोन स्टोर में आएगा, वैसे ही आपको कंपनी की तरफ से सूचित कर दिया जाएगा। जब आप फोन लेने स्टोर जाएंगे तो वहां पर आपको बाकी के 1000 रुपए का भुगतान करना होगा, जिसके बाद आपको जियो फोन मिल जाएगा। बताया जा रहा है कि इस फोन की डिलीवरी सितंबर के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएगी और यह फोन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर लोगों को दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications