विमान यात्रा पर भी महंगाई की मार, जेट फ्यूल के दाम सातवीं बार बढ़े, जनवरी से तकरीबन 50% की बढ़ोत्तरी
नई दिल्ली, 01 अप्रैल। जेट फ्यूल यानि विमान ईंधन के दाम में आज एक बार फिर से बड़ी बढ़ोत्तरी की गई है। आज जेट फ्यूल के दाम में 2 फीसदी की बढ़ोत्तरी की गई है। इस साल जेट फ्यूल के दाम में यह बढ़ोत्तरी सातवीं बार की गई है। जेट फ्यूल के दाम में बढ़ोत्तरी की वजह वैश्विक बाजार में इसकी बढ़ती कीमतें हैं। एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के दाम में 2258.54 रुपए प्रति किलो लीटर की बढ़ोतरी की गई है। जिसके बाद दिल्ली में एटीएफ के दाम 112924.83 रुपए प्रति किलोग्राम हो गए हैं।

हालांकि अच्छी बात यह है कि पेट्रोल और डीजल के दाम में आज कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गईहै। बीते 11 दिनों में यह दूसरी बार है जब पेट्रोल और डीजल के दाम में बढ़ोत्तरी नहीं की गई है। गौर करने वाली बात है कि एटीएफ के दाम में 16 मार्च को सर्वाधिक 18.3 फीसदी यानि 17135.63 रुपए प्रति किलो लीटर की बढ़ोत्तरी की गई थी। उसके बाद आज एक बार फिर से एटीएफ के दाम में दो फीसदी की बढ़ोत्तरी की गई है। बता दें कि जेट फ्यूल को हर माह 1 और 16 तारीख को अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसके दाम के आधार पर संशोधित किया जाता है।
जेट फ्यूल के दाम एयरलाइंस के संचालन पर तकरीबन 40 फीसदी का व्यय लाते हैं, ऐसे में जिस तरह से जेट फ्यूल के दाम बढ़ाए गए हैं उसके बाद यात्रियों पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है। 1 जनवरी से एटीएफ के दाम में सात बार बढ़ोत्तरी की जा चुकी है, यानि इस साल हर बार जेट फ्यूल के दाम में बढ़ोत्तरी की गई है। इस साल की बात करें तो अबी तक जेट फ्यूल के दाम में तकरीबन 50 फीसदी यानि 38902.92 रुपए प्रतिकिलोलीटर की बढ़ोतरी हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications