घंटों डाउन रहा IRCTC का सर्वर, यात्रियों को टिकट बुक करने में हुई दिक्कत
नई दिल्ली, 25 जनवरी: इस हाईटेक जमाने में भी आए दिन रेलवे की टिकट बुकिंग वेबसाइट IRCTC में दिक्कतें आती रहती हैं। सोमवार को IRCTC की वेबसाइट और ऐप ने लोगों को खूब परेशान किया, जहां कई घंटे तक टिकट से जुड़ी सेवाओं में दिक्कत रही। हालांकि अभी तक रेलवे की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन लोग सोशल मीडिया के जरिए गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।

लॉगिन में दिक्कत
लोगों के मुताबिक जब उन्होंने IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन की कोशिश की, तो वो खुल नहीं रही थी। इसके अलावा उस पर 'मेंटेनेंस एक्टिविटी' से जुड़ा मैसेज आ रहा था। यही हाल IRCTC के मोबाइल ऐप पर था, वहां पर लोग लॉगिन नहीं कर पा रहे थे। अगर किसी तरह से लॉगिन हो भी गया तो लोग टिकट बुकिंग के ऑप्शन तक नहीं पहुंच पा रहे थे।

पैसे कट गए, नहीं हुआ टिकट
नेहा नाम की एक ट्विटर यूजर ने लिखा कि मैं IRCTC की वेबसाइट पर लॉगिन नहीं कर पा रही हूं। ऐसा लग रहा है कि जैसे सर्वर डॉउन है, क्या किसी के पास कोई अपडेट है? वहीं विनय साहू नाम के यूजर ने लिखा कि मैंने एक टिकट बुक किया, उसका पैसा भी मेरे अकाउंट से कट गया, लेकिन टिकट नहीं हुआ। इसके अलावा साइट पर दिखा रहा कि कोई ट्रांजेक्शन नहीं हुआ है, क्या कोई अपडेट है? हालांकि कुछ यूजर्स ने बताया कि देर रात तक सेवा बहाल हो गई थी, लेकिन रेलवे ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

जमकर रद्द हुईं ट्रेनें
वहीं दूसरी ओर भारतीय रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के पहले 9 महीनों में जमकर ट्रेनें रद्द की हैं। हाल ही में इससे जुड़ी एक RTI दाखिल की गई थी। जिसमें पता चला कि अप्रैल से जून की तिमाही के दौरान रखरखाव की वजह से 20,941 ट्रेनों को रद्द किया गया। इसकी अगली तिमाही में ये आंकड़ा 7117 रहा, जबकि अक्टूबर से दिसंबर तक 6869 ट्रेनें रद्द हुईं। इससे पहले 2019 में रखरखाव की वजह से 3146 ट्रेनें रद्द हुईं।












Click it and Unblock the Notifications