रुपए में भारी गिरावट, तीन महीने का सबसे निचला स्तर पहुंचा
नई दिल्ली। सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन रुपए की शुरुआत बड़ी गिरावट के साथ हुई। डॉलर के मुकाबले रुपया 25 पैसे टूटकर 65.12 के स्तर पर खुला। इस गिरावट के साथ रुपया पिछले तीन महीने के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 8 पैसे की गिरावट के साथ 64.87 के स्तर पर बंद हुआ था। मुद्रा कारोबारियों के अनुसार अमेरिका के फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जीरोम पॉवेल्स के इस साल ब्याज दरों में बढ़ोतरी के संकेत दिए जाने के बाद चुनिंदा वैश्विक मुद्राओं के मुकाबले डॉलर मजबूत हुआ है।

जिसका असर रुपए पर भी देखने को मिल रहा है। आयातकों की ओर से इस महीने के अंत में डॉलर की मांग बढ़ने, विदेशी पूंजी की निकासी की वजह से रुपए में कमजोरी देखने को मिला। वहीं आज आने वाले जीडीपी और औद्योगिक उत्पादन आंकड़ों को देखते हुए निवेशकों का रुख भी सावधानी भरा रहा है। रुपए में कमजोरी की एक वजह जीएसटी संग्रह घटना भी बताया जा रहा है।
सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद जीएसटी संग्रह के आंकड़ों में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिल रहा है। मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक जनवरी में सरकार को जीएसटी संग्रह से कुल 86,318 करोड़ रुपए मिले हैं, जो दिसंबर के 86703 करोड़ की तुलना में कुछ कम है। जीएसटी संग्रह में कमी के चलते राजकोषीय घाटे के बढ़ने की आशंका है। जो रुपए को कमजोर कर रहा है। यहीं नहीं आज सेंसेक्स लगभग 250 अंकों की गिरावट के साथ खुला। इस गिरवाट के पीछे वजह इंटरनेशनल मार्केट में चल रही गिरावट बताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications