भारत ने दूसरे देशों से आयात होने वाले रंगीन टीवी पर लगाया प्रतिबंध, चीन पर पड़ेगा सबसे अधिक असर
नई दिल्ली। भारत और चीन के बीच जिस तरह से पिछले कुछ समय से सीमा विवाद चल रहा है, उसके बाद भारत लगातार चीन के खिलाफ कदम उठा रहा है। भारत ने चीन के साथ आयात-निर्यात पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए और दर्जनों चीनी ऐप पर भी प्रतिबंध लगा दिया। इसी कड़ी में भारत सरकार ने चीन के खिलाफ एक और बड़ा कदम उठाया और चीन व अन्य देशों से आयात होने वाले रंगीन टीवी पर प्रतिबंध लगा दिया है। माना जा रहा है कि सरकार ने आत्म निर्भर भारत और स्वदेशी को बढ़ावा देने के लिए यह कदम उठाया है। चीन के अलावा, वियतनाम, मलेशिया, हॉन्गकॉन्ग, कोरिया, इंडोनेशिया, थाइलैंड और जर्मनी से आयात होने वाले रंगीन टीवी पर प्रतिबंध लगा दिया है, लेकिन सरकार के इस फैसले का सबसे ज्यादा असर चीन पर देखने को मिलेगा।
Recommended Video

डायरेक्टर जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड की ओर से 30 जुलाई को नोटिफिकेशन जारी किया है, जिसमे कहा गया है कि रंगीन टीवी की आयात नीति में बदलाव किया गया है और अब इसे फ्री की बजाए प्रतिबंधित श्रेणी में रखा गया है। नोटिफिकेशन में कहा गया है कि साधारण आयात नियम रंगीन टीवी के आयात में लागू नहीं होगा, इसके लिए अलग से डीजीएफटी की ओर से लाइसेंस लेना होगा। सरकार की ओर से यह प्रतिबंध चीन से आयात होने वाले सभी साइज के टीवी पर लागू होगा, यह प्रतिबंध 36 इंच के टीवी से लेकर 105 इंच के टीवी पर लागू होगा। एलईडी टीवी सेट जिनका साइज 63 सेंटीमीटर से कम है, उसे भी इस नियम के तहत शामिल किया गया है और इसके लिए भी अलग से लाइसेंस लेना होगा।
बता दें कि चीन भारत में रंगीन टीवी का सबसे बड़ा निर्यातक है। इसके बाद वियतनाम, मलेशिया, हॉन्गकॉन्ग, कोरिया, इंडोनेशिया, थाइलैंड और जर्मनी का नंबर आता है। वर्ष 2019-20 में रंगीन टीवी का आयात 781 मिलियन डॉलर का था, जिसमे चीन का अकेले 428 मिलियन डॉलर का आयात था, जबकि वियतनाम का कुल निर्यात 293 मिलियन डॉलर था। पैनासोनिक इंडिया के सीईओ और अध्यक्ष मनीष शर्मा ने कहा कि वह इस कदम से आशान्वित हैं, इसका देश में उत्पादन करने वाली कंपनियों पर सकारात्मक असर देखने को मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications