IDFC First Bank Share: एक साल में तीन गुना बढ़ गए शेयर के दाम, निवेशकों के चेहरे खिले
IDFC First Bank Share: आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और आईडीएफसी लिमिटेड के विलय की घोषणा के बाद बैंक के शेयर में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। पिछले दो दिनों में आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के शेयर में तकरीबन 10 फीसदी का उछाल आया है। ऐसे में इस कंपनी में जिन निवेशकों ने निवेश किया है उनके चेहरे खिल गए हैं।
दोनों कंपनियों के विलय के बाद आईडीएफसी के 100 शेयर के बदले आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के 155 शेयर निवेशकों को मिलेंगे। रिपोर्ट के अनुसार पहले आईडीएफसी फाइनेंशियल होल्डिंग का आईडीएफसी लिमिटेड में विलय होगा। इसके बाद आईडीएफसी लिमिटेड का आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में विलय होगा।

विलय के बाद जो औसत आया है उसके अनुसार आईडीएफसी लिमिटेड 17 फीसदी के प्रीमियम पर है। ऐसे में इस रेशियो के बाद आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की बुक वैल्यू तकरीबन 4.9 फीसदी बढ़ रही है, लिहाजा शेयर के ऊपर जाने का अनुमान है और कुछ ऐसा ही बाजार में देखने को मिल रहा है।
एक्सपर्ट की मानें तो आईडीएफसी लिमिटेड का शेयर 120 रुपए तक आने वाले कुछ ही दिनों में पहुंच सकता है। लिहाजा आपको इस शेयर में अच्छा मुनाफा हो सकता है। एक्सपर्ट की राय है कि इस शेयर में आपको निवेश करके लंबी अवधि तक के लिए बने रहना चाहिए।
IDFC First Bank Ltd के शेयर की बात करें तो पिछले दो दिनों में शेयर में 10 फीसदी तक का उछाल देखने को मिल रहा है। फिलहाल यह शेयर 81 रुपए पर ट्रेड कर रहा है। वहीं इस शेयर के एक साल के सफर के बारे में बात करें तो पिछले साल जुलाई माह में यह शेयर 33 रुपए का था, ऐसे में यह शेयर पिछले एक साल में तकरीबन तीन गुना की ओर बढ़ चुका है।
वहीं आईडीएफसी लिमिटेड शेयर की बात करें तो पिछले 5 दिनों में कंपनी के शेयर में 13 फीसदी से अधिक का उछाल देखने को मिला है। फिलहाल यह शेयर 115 रुपए पर ट्रेड कर रहा है। वहीं कंपनी के एक साल के सफर पर नजर डालें तो पिछले साल यह शेयर 54 रुपए पर ट्रेड कर रहा था। यानि एक साल के भीतर यह शेयर दो गुना से अधिक बढ़ चुका है।












Click it and Unblock the Notifications