SMS से ऐसे रोजाना जानें डीजल-पेट्रोल के बदले हुए नए दाम
कल यानी 16 जून से डीजल और पेट्रोल की कीमतें रोजाना बदलेंगी। यह व्यवस्था चुनिंदा 5 शहरों में पहले से ही लागू है और अब इसे पूरे देश में लागू कर दिया गया है। आइए जानते हैं कैसे पता करें रोजाना की बदली ह
नई दिल्ली। कल यानी 16 जून से डीजल और पेट्रोल की कीमतें रोजाना बदलेंगी। यह व्यवस्था चुनिंदा 5 शहरों में पहले से ही लागू है और अब इसे पूरे देश में लागू कर दिया गया है। आइए जानते हैं कैसे पता करें रोजाना की बदली हुई कीमत।

एसएमएस या ऐप से जानें कीमत
यूं तो ग्राहकों को पेट्रोल पंप पर नई कीमत का पता रोजाना चलता ही रहेगा, लेकिन अगर आप चाहें तो एसएमएस या फिर आईओसीएल के मोबाइल ऐप से रोज की कीमतों के बारे में जान सकते हैं। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि जिन दिन आपको लगेगा कि डीजल पेट्रोल की कीमतें कम हो गई हैं, उस दिन आप कई दिनों तक इस्तेमाल करने के लिए तेल खरीद सकते हैं और अपने पैसों की बचत कर सकते हैं।

ऐसे पता करें बदली हुई कीमत
अगर आप ऐप के जरिए डीजल-पेट्रोल की बदली हुई कीमत जानना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको इंडियन ऑयल का मोबाइल ऐप Fuel@IOC डाउनलोड करना होगा। यहां से आपको कीमतें पता चल जाएंगी। वहीं अगर आप एसएमएस से बैलेंस जानना चाहते हैं तो आपको RSP लिखकर स्पेस देते हुए डीलर कोड लिखना होगा (RSP< SPACE >DEALER CODE ) और फिर 9224992249 पर भेजना होगा, जिसके बाद आपको बदली हुई कीमत पता चल जाएगी। आपको बता दें कि डीलर कोड हर पेट्रोल पंप पर लिखा होता है।

रोज सुबह 6 बजे बदलेंगी कीमतें
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव को लेकर प्रस्तावित नियम को थोड़ा बदला गया है। अब कीमतें आधी रात को नहीं, बल्कि रोजाना सुबह 6 बजे बदलेंगी। बुधवार शाम को इस बात पर सहमति बनी है। इतना ही नहीं, पेट्रोल पंप डीलरों का संघ 16 जून को जो हड़ताल करने वाला था, उसे भी संघ ने टाल दिया है।

5 शहरों में किया गया था ट्रायल
1 मई से पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर 5 शहरों में यह व्यवस्था लागू की गई थी, जिसके तहत डीजल-पेट्रोल की कीमत की रोजाना समीक्षा की जाती थी। अब 16 जून से इसे पूरे देश में लागू किया जा रहा है। सरकारी तेल कंपनियों ने 5 शहरों को चुना था, जहां पर रोजाना तेल की कीमतों में बदलाव किया गया। ये शहर थे- दक्षिण भारत में पुडुचेरी और वाईजेग (विशाखापट्टनम), पश्चिम में उदयपुर, पूर्व में जमशेदपुर और उत्तर में चंडीगढ़।

ग्राहकों को होगा ये फायदा
पेट्रोल और डीजल की रोजाना समीक्षा से यह फायदा होगा कि तेल की कीमतों में अचानक अधिक गिरावट या अधिक बढ़ोत्तरी नहीं होगी। इससे ग्राहकों को यह फायदा होगा कि उन्हें तेल की कीमतों को लेकर अचानक झटका नहीं लगेगा। आपको बता दें कि मौजूदा समय में हर 15 दिन में डीजल-पेट्रोल की कीमतों में बदलाव होता है।












Click it and Unblock the Notifications