Hindenburg: अब जैक डॉर्सी का हुआ बुरा हाल, कुछ ही घंटों में 52.6 करोड़ डॉलर का नुकसान
Hindenburg Report: हिंडनबर्ग ने अब जैक डॉर्सी को झटका दिया है, उनको एक दिन में 52 करोड़ डॉलर से ज्यादा का नुकसान हुआ।

हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट की वजह से भारतीय उद्योगपति गौतम अडानी को काफी नुकसान हुआ। ये मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब हिंडनबर्ग ने ब्लॉक इंक के को-फाउंडर जैक डॉर्सी को कटघरे में खड़ा कर दिया। गुरुवार को जैसे ही उनके ऊपर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आई, वैसे ही उनकी संपत्ति को नुकसान होना शुरू हो गया। ये रिपोर्ट फाइल होने तक उनको 52.6 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स की रिपोर्ट के मुताबिक डॉर्सी की संपत्ति में मई के बाद से एक दिन में सबसे ज्यादा गिरावट आई है। हिंडनबर्ग की वजह से उनको 526 मिलियन डॉलर का नुकसान हुआ। ऐसे में अब उनकी संपति 11 प्रतिशत गिरकर 4.4 बिलियन डॉलर हो गई है। उनकी कंपनी को भी बड़ा झटका लगा, जहां गुरुवार को ब्लॉक इंक के शेयर 22 प्रतिशत तक गिर गए। वहीं पिछले एक साल की बात करें, तो कंपनी के शेयर 57 फीसदी तक टूटे हैं।
डॉर्सी पर क्या हैं आरोप?
जैक डॉर्सी ट्विटर के फाउंडर थे। हालांकि पिछले साल एलन मस्क ने उसको खरीद लिया, जिस वजह से डॉर्सी को कंपनी छोड़नी पड़ी। हिंडनबर्ग ने पेमेंट फर्म ब्लॉक इंक पर आरोप लगाया कि कंपनी ने यूजर्स की संख्या को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया। ब्लॉक के पूर्व कर्मचारियों ने 40-75 फीसदी फेक यूजर्स को जोड़कर दिखाया। इसके अलावा अपनी ग्राहक अधिग्रहण लागत को कम कर दिया। हिंडनबर्ग ने रिपोर्ट में आगे कहा कि ब्लॉक के खिलाफ लंबी जांच चली है, जिसमें दो साल का वक्त लग गया। इससे पता चला कि कंपनी ने व्यवस्थित रूप से डेमोग्राफिक्स का लाभ उठाया है, जो गलत है। इसके अलावा डॉर्सी की कंपनी ने निवेशकों को गुमराह भी किया। इस रिपोर्ट के आने के बाद अमेरिकी बाजार में खलबली मच गई।
गौतम अडानी को भी पहुंचाया बड़ा नुकसान
हिंडनबर्ग ने जब अडानी ग्रुप को लेकर रिपोर्ट जारी की तो वो दुनिया के तीसरे सबसे अमीर शख्स थे। इसके बाद उनके शेयर्स में गिरावट आने लगी। ब्लूमबर्ग के इंडेक्स के मुताबिक अब वो 21वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा इस रिपोर्ट के आधार पर महीनों से भारत में राजनीतिक हंगामा जारी है।












Click it and Unblock the Notifications