Hindenburg-Adani Group: 17% तक गिरे अडानी ग्रुप के शेयर, निवेशकों के डूबे 53000 करोड़, शेयर बाजार बेअसर
Hindenburg-Adani Group: हिंडनबर्ग रिसर्च के आरोपों के बाद सोमवार को अडानी समूह की कंपनियों के शेयरों में भारी दबाव देखने को मिला। हिंडनबर्ग रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच की अडानी मनी साइफनिंग घोटाले में शामिल ऑफशोर संस्थाओं में हिस्सेदारी थी।
अडानी एंटरप्राइजेज में 5.27% की गिरावट आई और यह 3,018.55 रुपये के निचले स्तर पर पहुंच गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर अडानी पावर में 10.94% की गिरावट आई और यह 619 रुपये के निचले स्तर पर पहुंच गया। अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस में सबसे बड़ी गिरावट आई और यह 17.06% गिरकर 915.70 रुपये पर आ गया। हालांकि बाद में इसमें आंशिक सुधार हुआ।

अडानी समूह की कंपनियों के शेयर आज सुबह 7% तक गिर गए। जिसके चलते निवेशकों को लगभग 53,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। यही नहीं अडानी ग्रुप के 10 शेयरों में हुई गिरावट के चलते शेयर बाजार में ग्रुप की कुल वैल्युएशन 16.7 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
अन्य शेयरों में भी गिरावट देखी गई
अडानी ग्रीन एनर्जी 6.96% गिरकर 1,656.05 रुपये पर आ गया, जबकि अडानी टोटल गैस 13.39% गिरकर 753 रुपये पर आ गया। लेकिन बाद में अडानी टोटल गैस का शेयर 4.55% की गिरावट के साथ 829.85 रुपये पर आ गया। इसके अलावा अडानी विल्मर 6.49% गिरकर 360 रुपये पर आ गया और अडानी पोर्ट्स 4.95% गिरकर 1,457.35 रुपये पर आ गया।
शेयर बाजार बेअसर
हालांकि अडानी ग्रुप ने हिंडनबर्ग के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। हालांकि अडानी ग्रुप के शेयर्स पर इस रिपोर्ट का असर देखने को मिला है। लेकिन शेयर बाजार में इसका कोई खास असर नहीं दिखा। सेंसेक्स और निफ्टी पर कोई खास असर नहीं पड़ा।
सेंसेक्स में 375.79 अंक (0.47%) की गिरावट आई, और निफ्टी में 47.45 अंक (0.19%) की गिरावट आई। लेकिन फिलहाल सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही हरे निशान पर ट्रेड कर रहे हैं।
बता दें कि हिंडनबर्ग के आरोपों को सेबी चीफ ने सिरे से खारिज किया है। माधबी पुरी बुच ने सभी आरोपों का खंडन किया है, वहीं सेबी ने एक बयान जारी कर कहा है कि बुच ने अपनी होल्डिंग्स और उनके हस्तांतरण के बारे में सभी आवश्यक जानकारी दी है।












Click it and Unblock the Notifications