आखिर कब सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल, सरकारी तेल कंपनी के अधिकारी ने बताया
पेट्रोल और डीजल के बढ़े हुए दाम को लेकर हर कोई चिंतित है और इसके कम होने की आस लगाए बैठा है। अब जब कई राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, अगले साल लोकसभा चुनाव है तो लोगों को उम्मीद है कि पेट्रोल और डीजल के दाम में कमी आ सकती है।
लोग इंतजार कर रहे हैं कि कब सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतों को कम करने का ऐलान करती है। इस बीच तेल कंपनियों ने इस बाबत जानकारी साझा की है कि कब पेट्रोल और डीजल के दाम में गिरावट हो सकती है।

तेल कंपनियों के अधिकारियों की मानें तो पेट्रोल और डीजल के दाम में तभी कमी होगी जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत कम होगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें जब 80 डॉलर प्रति बैरल के पास जाकर स्थिर होगी तो पेट्रोल और डीजल के दाम में कमी हो सकती है। गौर करने वाली बात है कि लगातार 20 महीने से पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने पिछले 20 महीने से पेट्रोल और डीजल के दाम को स्थिर रखा है। इन तीनों ही सरकारी तेल कंपनियों की बात करें तो इनके पास 90 फीसदी बाजार की हिस्सेदारी है। वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही में कच्चे तेल की कीमतों में इजाफा हुआ था जिसके चलते इन कंपनियों को नुकसान हुआ था।
तेल कंपनी के अधिकारी ने बताया कि इस समय तेल की कीमतों में एक रुपए तक की गिरावट हो सकती है। लेकिन अगर ऐसा होता है तो क्या कच्चे तेल की कीमतों के बढ़ने पर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए जा सकते हैं, निसंदेह लोगों को यह पसंद नहीं आएगा। लिहाजा अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमतों को 80 डॉलर प्रति बैरल के नीचे स्थिर होने का इंतजार करना बेहतर होगा।












Click it and Unblock the Notifications