GST Collection: जीएसटी संग्रह 1.60 लाख करोड़ रुपये के पार, वित्त वर्ष 2023-24 में चौथी बार टूटा रिकॉर्ड
वित्त वर्ष 2023-24 में एक बार फिर से जीएसटी संग्रह ₹1.60 लाख करोड़ के पार चला गया है। वित्त मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। चालू वित्त वर्ष में अब तक ऐसा चार बार हो चुका है, जब किसी एक महीने में कलेक्शन का आंकड़ा 1.60 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा चला गया हो।
वित्त मंत्रालय ने जारी किया आंकड़ा
वित्त मंत्रालय के द्वारा रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, सितंबर महीने में कुल जीएसटी संग्रह 1,62,712 करोड़ रुपये हुए हैं। जो साल भर पहले यानी सितंबर 2022 की तुलना में 10 प्रतिशत ज्यादा है। वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान जीएसटी से सरकार को अब तक 9,92,508 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। इस तरह चालू वित्त वर्ष के दौरान सरकार का औसत मासिक कलेक्शन अब तक 1.65 लाख करोड़ रुपये है, जो सालाना आधार पर 11 प्रतिशत की वृद्धि है।

बता दें कि 1 जुलाई, 2017 से देश में वस्तु एवं सेवा कर लागू किया गया था और राज्यों को जीएसटी (राज्यों को मुआवजा) अधिनियम, 2017 के प्रावधानों के अनुसार जीएसटी के कार्यान्वयन के कारण उत्पन्न होने वाले किसी भी राजस्व के नुकसान के लिए पांच वर्ष की अवधि के लिए मुआवजे का आश्वासन दिया गया था।
इससे पहले केंद्र सरकार ने अगस्त में लोकसभा द्वारा पारित जीएसटी कानून में संशोधन को अधिसूचित किया था ताकि ऑनलाइन गेमिंग, कैसीनो और घुड़दौड़ पर 28 प्रतिशत कर लगाया जा सके। जैसा कि पहले घोषणा की गई थी, ये संशोधन 1 अक्टूबर से लागू होंगे। जीएसटी परिषद द्वारा ऐसी वस्तुओं पर 28 प्रतिशत कर लगाने का रास्ता बनाने के प्रस्ताव के बाद जीएसटी अधिनियमों में संशोधन किए गए थे।












Click it and Unblock the Notifications