10 दिनों में बंद हो जाएंगी शानदार रिटर्न देने वाली ये FD स्कीम, ये है निवेश की आखिरी तारीख
देश की कुछ सरकारी बैंकों ने ग्राहकों को निवेश के लिए आकर्षित करने के लिए स्पेशल एफडी स्कीम पेश की थी। इसमें निवेश करने की आखिरी तारीख 31 मार्च 2023 है।

मध्यम वर्ग के लिए फिक्स डिपॉजिट हमेशा से एक फायदे का निवेश रहा है। लोग अपने पैसों को एफडी में निवेश कर भविष्य सुरक्षित कर लेते है। शेयर बाजार में चल रही मौजूदा हलचल से अगर आप आशंकित हैं तो पब्लिक सेक्टर बैंक और सरकार की निवेश की योजनाओं में अपना पैसा निवेश कर सकते हैं। पब्लिक सेक्टर बैंक और सरकारी बैंक अपने कस्टमर्स के लिए स्पेशल एफडी स्कीम चला रही हैं। जो इस महीने की 31 मार्च को समाप्त हो रही हैं।
प्रमुख बैंकों की ओर से स्पेशल फिक्स्ड डिपॉजिट सीनियर सिटीजन और आम नागरिकों के लिए शुरू की थी। अब जब बैंकों ने आम नागरिकों से लेकर सीनियर सिटीजन के लिए समान्य एफडी की दरें बढ़ा दी हैं तो बैंकें इन स्पेशल एफडी को बंद करने जा रही है। ये स्पेशल एफडी 31 मार्च के बाद बंद हो जाएंगी। अगर आपको भी इन योजनाओं में निवेश करना है तो आपके पास 10 दिन का समय बचा है।

सीनियर सिटीजन के लिए वय वंदन योजना, एसबीआई की अमृत कलश जमा एफडी योजना, इंडियन बैंक इंड शक्ति 555 डेज एफडी स्कीम और पंजाब एंड सिंध बैंक स्पेशल एफडी स्कीम -पीएसबी फैबुलस 300 दिन, पीएसबी फैबुलस प्लस 601 दिन, पीएसबी ई-एडवांटेज फिक्स्ड डिपॉजिट और पीएसबी-उत्कर्ष 222 दिन की स्पेशल एफडी इस योजना में शामिल है। वहीं इंडियन बैंक की IND शक्ति फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम में भी निवेश करने की अंतिम तारीख 31 मार्च 2023 है।

वय वंदन योजना
केंद्र सरकार द्वारा सीनियर सिटीजन के लिए वय वंदन योजना शुरू की गई थी। इसमें 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। वय वंदन योजना एक बीमा पॉलिसी के साथ पेंशन स्कीम है, जो देश के वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करती है। इस पेंशन योजना जीवन बीमा निगम ऑपरेट करती है। अगर कोई वरिष्ठ नागरिक इस स्कीम में निवेश करना चाहता है, तो वह आने वाली 31 मार्च तक इसमें निवेश कर सकता है।

एसबीआई की अमृत कलश जमा योजना
अमृत कलश जमा योजना एफडी स्कीम के तहत निवेश करने वालों को बैंक 7.10 फीसदी की दर से ब्याज देती है। इसके अलावा सीनियर सिटीजन को बैंक 7.60 फीसदी की दर से ब्याज देती है। ये स्कीम 400 दिनों में मैच्योर हो जाती हैं। यानी आपको इस स्कीम के तहत 400 दिनों के लिए निवेश करना होगा। स्टेट बैंक के मुताबिक यह स्पेशल एफडी भी 31 मार्च, 2023 तक एक्टिव है।

पंजाब एंड सिंध बैंक की पीएसबी फैबुलस 300 डेज
पंजाब एंड सिंध बैंक विशेष एफडी योजनाएं पीएसबी फैबुलस 300 डेज और पीएसबी फैबुलस प्लस 601 दिन की एफडी योजना ऑफर कर रही है। ये योजना 31 मार्च को खत्म हो रही है। बैंक इन योजनाओं पर सामान्य से अधिक रिटर्न दे रहा है। इसके अलावा पीएसबी 601 और 222 दिनों के लिए स्पेशल एफडी दे रहा है। पंजाब एंड सिंध बैंक 300 दिनों की एफडी पर सुपर सीनियर सिटीजन को 8.35 फीसदी की दर से ब्याज ऑफर कर रहा है। वहीं, सीनियर सिटीजन को 8 फीसदी की दर से ब्याज मिलेगा। यह स्पेशल एफडी भी 31 मार्च, 2023 तक एक्टिव है।
इंडियन बैंक की योजना IND शक्ति फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम
इंडियन बैंक की "IND शक्ति फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम 555 डेज" स्पेशल एफडी का फायदा 31 मार्च तक उठा सकते हैं। 5,000 रुपये और 2 करोड़ से कम के निवेश पर 7.50 फीसदी का ब्याज दे रहा है। ये एफडी स्कीम 555 दिनों की है। यह स्पेशल एफडी भी 31 मार्च, 2023 तक एक्टिव है।












Click it and Unblock the Notifications