मेट्रो स्मार्टकार्ड होल्डर्स के लिए खुशखबरी, कल से मिलेगी ये सुविधा
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो के स्मार्टकार्ड होल्डर्स के लिए अच्छी खबर है। कल से उन्हें अपने स्मार्टकार्ड के साथ खास सुविधा मिल जाएगी। दिल्ली मेट्रो के स्मार्टकार्ड होल्डर्स को कल से डीटीसी की बस और क्लस्टर बसों में 10 फीसदी डिस्काउंट मिल जाएगी। जी हां अगर आप डीटीसी बसों में दिल्ली मेट्रो के स्मार्ट कार्ड से टिकट का भुगतान करते हैं तो आपको किराए में 10 प्रतिशत का डिस्काउंट मिल जाएगा।

दिल्ली सरकार ने किया फैसला
दिल्ली सरकार ने मेट्रो स्मार्टकार्ड से डीटीसी बसों की टिकट खरीद पर छूट देने का फैसला किया। दिल्ली सरकार ने लोगों को ये तोहफा देते हुए डीटीसी की एसी, नॉन एसी बसों के किराए में 10 प्रतिशत छूट देने का फैसला किया। आपको बता दें कि ये छूट एनसीआर रूट की बसों में नहीं मिलेंगी। मेट्रो के तर्ज पर बसों में भी स्मार्टकार्ड के चलन को बढ़ाने के लिए इसकी शुरुआत की। ट्रायल सफल होने के बाद इसे डीटीसी की सभी बसों में 30 नवंबर से लागू कर दिया जाएगा।

30 लाख लोगों को होगा फायदा
दिल्ली की डीटीसी बसों में रोजाना 30 लाख लोग सफर करते हैं। इस छूट का फायदा इन्हें मिल सकेगा। अभी इन बसों में मशीनों से टिकट दी जाती हैं। अब मेट्रो स्मार्टकार्ड सुविधा शुरू होने पर इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन (ईटीएम) पर रखने पर टिकट जारी होगा।

कैसे होगा किराए का भुगतान
दिल्ली मेट्रो के स्मार्ट कार्ड से किराए का भुगतान करने पर आपके द्वारा चुकाई गई किराए की रकम पहले दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के पास जाएगी। DMRC इस राशि का भुगतान दिल्ली सरकार को करेगी। डीटीसी ने साफ किया है कि अगर किसी कारण से मशीन नहीं चलती या फिर स्मार्ट कार्ड से किराए का भुगतान नहीं हो पाता है तो लोगों को किराए में छूट नहीं मिलेगी।

नया कार्ड लाने की तैयारी में
दिल्ली सरकार जल्द ही नया मेट्रो कार्ड नए लोगो और डिजाइन के साथ लॉन्च करने की तैयारी में है। उस नए मेट्रो कार्ड को 'वन' नाम से जाना जाएगा। कार्ड के साथ दिल्ली सरकार ने नया स्लोगन भी दिया है। इसे 'वन दिल्ली वन राइड' के नाम से जाना जाएगा। इससे डीटीसी में सफर करने वाले लोगों को भी काफी आसानी होगी। आपको कैश रखने या फिर टिकट लेते वक्त चेंज की समस्या से आजादी मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications