राहत की खबर: दीवाली-धनतेरस से पहले सस्ता हुआ सोना, जानिए 10 ग्राम सोने का भाव
नई दिल्ली। तीन दिनों तक लगातार दाम चढ़ने के बाद सोने की कीमत में गिरावट आई है। शुक्रवार को सोने की कीमत में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सोना 150 रुपए नीचे लुढ़क गया। घरेलू सर्राफा बाजार में सोने की कीमत में 150 रुपए की गिरावट दर्ज की गई और ये गिरकर 32,630 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। जहां सोना नीचे लुढ़ गया तो वहीं शुक्रवार को चांदी की कीमत में तेजी देखने को मिली। सिक्का निर्माताओं की ओर से बढ़ी डिमांड आने से चांदी के दाम 310 रुपए उछलकर 39,500 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गए।
पढ़ें-इस दीवाली यहां से खरीदें सोना और पाएं 6000 रुपए का कैशबैक
सोना हुआ धड़ाम, चांदी चमकी
शुक्रवार को सोने की कीमत में गिरावट दर्ज की गई। विदेशी बाजारों में सुस्ती के बीच कमजोर घरेलू डिमांड का असर पड़ने से सोना 150 रुपए नीचे आ गया। ग्लोबल बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई। सिंगापुर में सोना 0.03 फीसदी गिरकर 1,233.50 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी भी 0.03 फीसदी फिसलकर 14.82 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
जानिए क्या रहा 10 ग्राम सोने का भाव
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत 150 रुपए नीचे लुढ़क कर 32630 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई तो वहीं 99.5 फीसदी शुद्धता वाले सोने की कीमत 32,480 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। अगर 8 ग्राम वाले गिन्नी की बात करें तो वो 24,900 रुपए के पूर्ववत पर टिका रहा।
जानिए चांदी का भाव
लगातार गिरावट के बाद शुक्रवार को चांदी की कीमत में उछाल आया और चांदी की कीमत 310 रुपए बढ़कर 39,500 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई। चांदी सिक्कों में लिवाली के भाव 76,000 और बिकवाली भाव 77,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर बना रहा।