Adani Net Worth: 24 घंटे में गौतम अडानी पर बरसा पैसा, नेटवर्थ में 33 हजार करोड़ का उछाल, अंबानी से 2 कदम पीछे
Gautam Adani Net Worth: नए साल में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद दिग्गज बिजनेसमैन गौतम अडानी की नेटवर्थ में भारी उछाल देखने को मिला है। एक दिन पहले अडानी-हिंडनबर्ग मामले में सेबी की जांच में दखल से इनकार के बाद अब अरबपतियों की लिस्ट में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। अब गौतम अडानी का अरबपतियों की लिस्ट में रुतबा बढ़ गया है।
अडानी-हिंडनबर्ग केस में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए कहा कि अडानी ग्रुप मामले की जांच SIT नहीं बल्कि SEBI ही करेगी। जिसके बाद अब गौतम अडानी अमीरों की लिस्ट में ऊपर पहुंच गए हैं। साथ ही मुकेश अंबानी को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।

नेटवर्थ में 4.01 अरब डॉलर का उछाल
अडानी समूह के शेयरों में बुधवार को 12 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई, जिससे कुल बाजार पूंजीकरण यानी अडानी ग्रुप का मार्केट कैपिटलाइजेशन (Adani Group MCap) 15 लाख करोड़ के पास पहुंच गया। अडानी ग्रुप के शेयरों में आई तेजी के कारण नेटवर्थ में 4.01 अरब डॉलर यानी करीब 33 हजार करोड़ रुपए का तगड़ा उछाल देखने को मिला।
दुनियाभर के अमीरों में अब ये स्थान
इसी के साथ ही दुनिया के टॉप बिलेनियर्स की लिस्ट में गौतम अडानी एक पायदान ऊपर पहुंच गए। फोर्ब्स बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक अडानी दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में 14वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इंडेक्स के अनुसार अडानी की संपत्ति 4.01 अरब डॉलर के इजाफे के साथ बढ़कर 89.9 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। जो कि मुकेश अंबानी से दो पायदान पीछे हैं।
12वें नंबर पर मुकेश अंबानी
बता दें कि अरबपतियों की लिस्ट में शामिल दूसरे भारतीय बिजनेसमैन रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी हैं। ब्लूमबर्ग के मुताबिक मुकेश अंबानी की नेटवर्थ 96.2 अरब डॉलर है। जिसके चलते वो दुनिया के 12वें सबसे अमीर शख्स हैं। ऐसे में गौतम अडानी अब अंबानी से सिर्फ दो पायदान दूर रह गए हैं। दोनों दिग्गजों के बीच संपत्ति में 6.3 अरब डॉलर का फासला है।
बुधवार को गौतम अडानी परिवार की कुल संपत्ति बढ़कर ₹9.37 लाख करोड़ हो गई, जो एक दिन पहले ₹8.98 लाख करोड़ थी। वहीं इस अवधि के दौरान मुकेश अंबानी परिवार की कुल संपत्ति ₹9.38 लाख करोड़ से थोड़ी कम होकर ₹9.28 लाख करोड़ हो गई।
अडानी ग्रुप के शेयरों में तेजी
- अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस 11.60 प्रतिशत बढ़कर ₹1,183.90 पर पहुंच गया।
- अडानी टोटल गैस में 9.84 प्रतिशत की वृद्धि के साथ ₹1,099.05 पर बंद हुआ।
- अडानी ग्रीन एनर्जी 6 प्रतिशत चढ़कर ₹1,698.75 पर पहुंच गया।
- अडानी पावर के शेयर 5 प्रतिशत बढ़कर ₹544.65 पर बंद हुए।
- अडानी विल्मर को 3.97 प्रतिशत की बढ़त के साथ ₹381.05 पर बंद हुआ।
- एनडीटीवी के शेयर 3.66 प्रतिशत उछलकर 281.60 रुपए पर बंद हुए।
- प्रमुख फर्म अडानी एंटरप्राइजेज में 2.45 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई, जो ₹3,003.95 पर बंद हुई।
- अडानी पोर्ट्स में 1.39 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो ₹1,093.50 तक पहुंच गई।
- अंबुजा सीमेंट्स के शेयर 0.94 प्रतिशत बढ़कर ₹535.60 पर पहुंच गए।
- एसीसी 0.10 प्रतिशत बढ़कर ₹2,270 पर बंद हुआ।












Click it and Unblock the Notifications