ये हैं 200 रुपए के नए नोट के 20 फीचर, दो खास बातें हैं इसमें
Recommended Video

नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक ने घोषणा कर दी है कि वह 25 अगस्त को 200 रुपए का नया नोट जारी करेगा। एक दिन पहले ही यह घोषणा की गई थी 200 रुपए का नया नोट जारी किया जाएगा। इस नए नोट पर गवर्नर ऊर्जित आर पटेल के हस्ताक्षर होंगे। इस नोट में दो खास बातें हैं। पहला तो ये कि यह नोट चटक पीले रंग (Bright Yellow) का होगा और दूसरा ये कि इस नोट के पिछले हिस्से में सांची स्तूप की आकृति बनी होगी। आइए जानते हैं इस नोट की खास बातें।

सामने की तरफ खास चीजें
1- नए 200 रुपए के नोट में सामने की तरफ 2000 रुपए का अंक उस स्थान पर भी दिखाया गया है, जो तब दिखेगा जब आप नोट को रोशनी की ओर कर के देखेंगे। इसी जगह पर महात्मा गांधी की तस्वीर भी दिखेगी।
2- सामने की तरफ 200 रुपए की छिपी हुई तस्वीर यानी लेटेंट इमेज है।
3- इस नए नोट में सामने की तरफ देवनागरी में भी २०० (200) का अंक लिखा हुआ होगा।
4- सामने की ओर 200 रुपए के नोट में बीच में महात्मा गांधी की तस्वीर भी छपी है।
5- 200 रुपए के इस नोट में अलग-अलग जगह RBI, भारत, INDIA और 200 लिखा हुआ है। ये सभी काफी छोटे-छोटे लिखे हुए हैं, जो लेंस के बिना नहीं दिख पाएंगे।

चमकता हुआ 200 रुपए
6- नोट में अन्य सभी नोटों की तरह सुरक्षा धागा है, जिस पर भारत और RBI लिखा हुआ है। हरे रंग का यह सुरक्षा धागा नोट को तिरछा करने पर नीले रंग में चमकता है।
7- सामने की तरफ 200 रुपए के नए नोट में महात्मा गांधी की तस्वीर के बगल में गारंटी क्लॉज, भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर के हस्ताक्षर, वादे का क्लॉज और भारतीय रिजर्व बैंक की सील है।
8- 200 रुपए के इस नोट में सामने की तरफ दाईं ओर नीचे की तरफ 200 रुपए लिखा हुआ, जिसका रंग नोट को तिरछा करने पर हरे से नीले में बदल जाता है।
9- 200 रुपए के इस नोट में सामने की तरफ दाईं ओर अशोक स्तंभ का चिन्ह है।
10- इस नोट में महात्मा गांधी की तस्वीर और 200 रुपए का वाटरमार्क भी है।

नेत्रहीनों के लिए है ये खास फीचर
11- नोट में कुल 9 अंकों का नंबर पैनल है। यह नंबर पैन 3 और 6 के समूह में बंटा हुआ है। बाईं ओर से दाईं ओर तक यह नंबर पैनल आकार के हिसाब से बढ़ते हुए क्रम में है, जैसा की तस्वीर में भी दिखाया गया है।
12- नेत्रहीन लोगों के लिए इस नोट में दाईं ओर नीचे की तरफ अशोक स्तंभ के ठीक ऊपर H लिखा हुआ है, जिस पर छोटे-छोटे अंकों में 200 रुपए लिखा हुआ है। इसके अलावा नोट में सामने की ओर दोनों तरफ दो-दो उभरी हुई लाइनें खिंची हैं और इनके बीच दो छोटे-छोटे उभरे हुए गोले बने हैं।
13- नोट की छपाई का वर्ष पीछे तरफ बाईं ओर को लिखा हुआ है। छपाई के वर्ष के नीचे ही हिंदी में 'दो सौ रुपये' लिखा हुआ है।
14- पीछे की तरफ 200 रुपए के इस नोट में बाईं ओर नीचे की तरफ स्वच्छ भारत का लोगो या यानी गांधी जी का चश्मा भी बना हुआ है, जिसमें स्वच्छ भारत लिखा हुआ है। इसके नीचे स्वच्छ भारत का स्लोगन 'एक कदम स्वच्छता की ओर' लिखा हुआ है, जिसके नीचे भारतीय रिजर्व बैंक लिखा है।
15- इसमें भाषाओं की एक लिस्ट भी दी गई है, जो नोट के पीछे वाले हिस्से में है। यहां कुल 15 भाषाओं में 'दो सौ रुपये' लिखा हुआ है, जिसमें हिंदी नहीं है। इस तरह नोट पर कुल 16 भाषाओं में 'दो सौ रुपये' लिखा हुआ है।

सांची स्तूप की आकृति छपी है इसमें
16- 200 रुपए के इस नोट में पीछे की तरफ सांची स्तूप की आकृति है, जो भारत की संस्कृति को दिखाता है।
17- जिस तरह नोट के सामने वाले हिस्से में देवनागरी में २०० (200) लिखा है, उसी तरह नोट के पिछले हिस्से में भी देवनागरी में २०० लिखा हुआ है।
18- इस नोट की लंबाई 146 मिलीमीटर है, जबकि चौड़ाई 66 मिलीमीटर है।
19- नोट का रंग चटक पीला है, जो इस नोट को अन्य सभी नोटों से काफी अलग बनाता है।
20- आपको बता दें कि 200 रुपए के नोट पहली बार जारी किया जा रहा है। इससे पहले कभी 200 रुपए का नोट जारी नहीं किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications