Airlines Bomb Threats: हर फेक धमकी से एयरलाइन्स के 3 करोड़ से ज्यादा रुपए बर्बाद! बढ़ा फाइनेंशियल संकट
Airlines Bomb Threats: पिछले कुछ हफ्तों में हवाई कंपनियों को बम धमकियों के चलते गंभीर वित्तीय नुकसान झेलना पड़ा है। हवाई उड़ानों को बम से उड़ाने की फर्जी धमकियों का सिलसिला जारी है, जिससे एयरलाइंस की आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा है। हर बार की बम धमकी चाहे फर्जी ही क्यों न हो, एयरलाइंस के लिए यह सिर्फ सुरक्षा का सवाल नहीं होता, बल्कि भारी आर्थिक नुकसान का भी कारण बनती है।
उड़ानों का डायवर्जन, अतिरिक्त ईंधन खर्च, क्रू मेंबर्स की बदलती शिफ्ट और यात्रियों की देखभाल जैसी व्यवस्थाएं लाखों-करोड़ों का नुकसान कर देती हैं। एक अनुमान के मुताबिक, हर एक फर्जी बम धमकी से एयरलाइंस को 3 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान होता है।

एयर इंडिया को 15-20 करोड़ रुपये का घाटा
15 अक्टूबर को एयर इंडिया की B777 (VT-ALM) फ्लाइट, जो दिल्ली से शिकागो जा रही थी, बम की धमकी के बाद कनाडा के एक छोटे शहर इकालुइट में इमरजेंसी लैंडिंग के लिए मजबूर हो गई। विमान में 200 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिन्हें कनाडाई वायु सेना की फ्लाइट से शिकागो ले जाया गया। विमान खुद बाद में बिना यात्रियों के शिकागो पहुंचा। इस पूरी घटना से एयर इंडिया को 15-20 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
डायवर्जन की महंगी कीमत
एयरलाइनों को सिर्फ बम की धमकियों के कारण इमरजेंसी लैंडिंग ही नहीं, बल्कि उड़ानों के डायवर्ट होने पर भी भारी खर्च का सामना करना पड़ता है। डायवर्जन के दौरान कई टन ईंधन खर्च होता है, जो करोड़ों रुपये का अतिरिक्त बोझ डालता है। जैसे- एक B777 विमान हर घंटे 7-8 टन ईंधन जलाता है, जिसकी कीमत लाखों रुपये होती है। कई बार उड़ानों के समय में विस्तार के कारण पायलटों और क्रू मेंबर्स को अगली उड़ान के लिए उपलब्ध नहीं किया जा सकता, जिससे ऑपरेशनल खर्च और बढ़ जाता है।
फर्जी बम धमकियां: 'वित्तीय आतंकवाद'
एयरलाइंस के वरिष्ठ अधिकारी इन फर्जी बम धमकियों को "वित्तीय आतंकवाद" मानते हैं। त्योहारों के सीजन में ऐसी धमकियों से यात्रियों के बीच डर फैलाने का प्रयास किया जाता है। हालांकि, एयरलाइंस किसी भी संभावित खतरे को हल्के में नहीं लेती हैं, चाहे धमकी फर्जी हो या वास्तविक।
बम धमकियों का अलग रंग
सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत, बम धमकियों को उनके गंभीरता के आधार पर अलग-अलग रंगों में वर्गीकृत किया जाता है। हालांकि, हर स्थिति में एयरलाइंस सुरक्षा को प्राथमिकता देती हैं, क्योंकि 'सुरक्षा पहले' का सिद्धांत हमेशा लागू किया जाता है। आइए जानें रंगों का मतलब?
- लाल: बहुत गंभीर खतरा
- एम्बर: गंभीर खतरा
- हरा: संभवतः फर्जी धमकी
बम धमकियों के हालिया मामले
- दिल्ली से लंदन जाने वाली विस्तारा फ्लाइट (UK17) को बम की धमकी के बाद जर्मनी के फ्रैंकफर्ट की ओर डायवर्ट किया गया।
- जयपुर से दुबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट (IX 196) भी बम की धमकी मिली, जो बाद में फर्जी साबित हुई।
- बेंगलुरु से मुंबई जाने वाली अकासा एयर फ्लाइट (QP 1366) उड़ान से पहले बम की धमकी मिली।
- दिल्ली से पेरिस जाने वाली फ्लाइट UK21 सुरक्षित तरीके से पेरिस-चार्ल्स डी गॉल एयरपोर्ट पर उतरी।
- हांगकांग जाने वाली फ्लाइट UK161 सुरक्षित तरीके से हांगकांग अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरी।
- मुंबई से इस्तांबुल जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट6E 17 को बम की धमकी मिली।
- दिल्ली से इस्तांबुल जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 11 को बम की धमकी मिली।
- जोधपुर से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 184 को बम की धमकी मिली।
- दिल्ली से शिकागो जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट B777 (VT-ALM)को कनाडा में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
- दिल्ली से न्यूयॉर्क जाने वाली एयर इंडिया बोइंग 777 (AI 119) को उड़ान भरने के दो घंटे बाद दिल्ली में वापस लौटना पड़ा।
फर्जी बम धमकियों के कारण हवाई कंपनियों की वित्तीय स्थिति पर गहरा असर पड़ रहा है। हर धमकी के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उड़ानों को डायवर्ट करना, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और विमान को समय पर गंतव्य तक पहुंचाना, सब मिलाकर एयरलाइंस के लिए भारी खर्च का कारण बनता है। एयरलाइंस के अधिकारियों ने इन घटनाओं को "वित्तीय आतंकवाद" की संज्ञा दी है और सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस प्रकार की घटनाएं न केवल एयरलाइंस के लिए वित्तीय संकट खड़ा करती हैं, बल्कि यात्रियों के बीच भी डर और असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं।












Click it and Unblock the Notifications