तो क्या 100 रुपए के नोट भी बदलेगी सरकार, आंकड़े बोलते हैं ये
सरकार का 100 रुपए के नोट वापस लेने का कोई प्लान नहीं है। हालांकि, अब तक के आंकड़े देखकर ये लगता है कि 100 रुपए के नोट को फिर से डिजाइन करने की जरूरत है।
नई दिल्ली। मंगलवार को सरकार ने 500 और 100 रुपए को बंद करने की घोषणा की और कहा कि 11 नवंबर से बाजार में 500 और 2000 के नए नोट आएंगे। कुछ समय बाद 1000 रुपए के नए नोट भी बाजार में आएंगे। अब सभी इस सोच में पड़े हैं कि क्या 100 रुपए के नोट भी सरकार वापस ले लेगी?

आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने गुरुवार को यह साफ कर दिया था कि सरकार का 100 रुपए के नोट वापस लेने का कोई प्लान नहीं है। हालांकि, अब तक के आंकड़े देखकर ये लगता है कि 100 रुपए के नोट को फिर से डिजाइन करने की जरूरत है।
अगर पिछले कुछ सालों में 100 रुपए के नकली नोटों के बाजार में आने के आंकड़ों को देखा जाए तो पता चलता है कि 100 रुपए के नकली नोट तेजी से बढ़े हैं। यह आंकड़े केन्द्रीय बैंक की वेबसाइट से लिए गए हैं।
भारतीय रिजर्व बैंक का डेटा दिखाता है कि 100 रुपए के नकली नोटों में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। 2012-13 में 100 रुपए के नकली नोटों में करीब 20 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई थी, लेकिन 2015-16 ये बढ़ोत्तरी 35 फीसदी तक जा पहुंची है।
ऐसे में भले ही सरकार ने 100 रुपए के नोट वापस न लेने की बात कही हो, लेकिन आंकड़े दिखाते हैं कि 100 रुपए के नोट के डिजाइन में भी बदलाव करने की जरूरत है।
हालांकि, 100 रुपए के नकली नोटों में हुई बढ़ोत्तरी 500 और 1000 रुपए के नोट से अधिक है, लेकिन कीमत के हिसाब से देखने पर यह बढ़ोत्तरी 500 और 1000 रुपए के नोट में काफी अधिक है।
100 रुपए के नकली नोट कितने बढ़े?
भारतीय रिजर्व बैंक से प्राप्त आंकड़ों के हिसाब से 2012-13 में 100 रुपए के नकली नोटों की संख्या करीब 1,08,225 थी, जो 2013-14 में बढ़कर 1,18,873 हो गई। यह आंकड़ा 2014-15 में 1,81,799 पर जा पहुंचा और आखिरकार 2015-16 में 100 रुपए के नकली नोटों की संख्या 2,21,446 हो गई।
500 रुपए के नकली नोट कितने बढ़े?
500 रुपए के नकली नोटों में भी पिछले सालों में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। 2012-13 में 500 के नकली नोटों की संख्या 2,81,265, 2013-14 में यह संख्या 2,52,269, 2014-15 में यह संख्या 2,73,923 और 2015-16 में यह आंकड़ा 2,61,693 तक जा पहुंचा।
1000 रुपए के नकली नोट कितने बढ़े?
आपको बता दें कि 2012-13 में 1000 के 98,459 नकली नोट थे, जो 2013-14 में बढ़कर 1,10,035 हो गए। इस संख्या में 2014-15 में और बढ़ोत्तरी हुई और ये 1,31,190 हो गई। 2015-16 में नकली नोटों की कुल संख्या बढ़कर 1,43,099 पर जा पहुंची।












Click it and Unblock the Notifications