Dhanteras: इस साल महंगे मिलेंगे स्टील के बर्तन और गिफ्ट, ये है इसकी वजह
नई दिल्ली। दिवाली जल्द ही आने वाली है और दिवाली से भी पहले आएगा धनतेरस, जिसमें अधिकतर लोग स्टील के बर्तन खरीदते हैं। इस बार धनतेरस पर खरीददारी करना आपको पहले के मुकाबले थोड़ा महंगा पड़ेगा। दरअसल, स्टील के आयात पर बहुत सारी बंदिशें लगा दी गई हैं, जिसकी वजह से घरेलू कंपनियों ने स्टील शीट की कीमतें बढ़ा दी हैं। ऐसे में बर्तन निर्माताओं की लागत बढ़ गई है और इसकी वसूली वह सीधे ग्राहकों से ही करेंगे। ऐसे में इस धनतेरस पर बर्तन या दिवाली गिफ्ट खरीदना आपको पहले की तुलना में अधिक महंगा पड़ेगा। बर्तन बनाने वाले और होल सेल वालों के अनुसार कीमतों में 20-25 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी हो गई है। जीएसटी की वजह से भी ट्रेडर्स की लागत बढ़ी है, जबकि होल सेल की सेल्स में करीब 50 फीसदी की कमी भी देखी जा रही है। जीएसटी की वजह से गिफ्ट्स की कीमतें भी 30-35 फीसदी तक बढ़ चुकी हैं।

स्टील का हब कहे जाने वाले वजीरपुर में बर्तन निर्माता संघ के अध्यक्ष सतीश जैन ने कहा है कि स्टील के इंपोर्ट पर एंटी डंपिंग ड्यूटी और बीआईएस नॉर्म्स लागू होने के बाद घरेलू कंपनियों ने स्टील की प्लेट और स्टील शील की कीमतें बढ़ा दी हैं। वहीं दूसरी ओर, बर्तन मैन्युफैक्टरर्स और निर्यातकों को इस समय कच्चे माल की काफी किल्लत हो रही है। अप्रैल से लेकर अभी तक स्टील की कीमतों में काफी इजाफा हो चुका है।
आपको बता दें कि पिछले साल अगस्त-सितबंर में स्टील की कीमतें 30,000 रुपए प्रति मीट्रिक टन के करीब थीं, लेकिन इस साल 40,000 रुपए के स्तर को पार कर गई हैं। वहीं दूसरी ओर एंटी डंपिंग ड्यूटी स्टील की शीट पर लागू होने के चलते बहुत सी कंपनियां सीधे चीन से बने-बनाए बर्तन खरीद रही हैं। इसकी वजह से सबसे बड़ा नुकसान बर्तन निर्माताओं को हो रहा है। हालांकि, चीन से आए सामान भी लोगों तक महंगे ही पहुंच रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications