घर सस्ता और लोन सस्ता, इससे अच्छा मौका नहीं मिलेगा
माना जा रहा है कि नोटबंदी की वजह से बहुत सारी अनअकाउंटेड ट्रांजैक्शन में कटौती होगी, जिसकी वजह से रीयल एस्टेट सेक्टर में कीमतों में गिरावट आ सकती है।
नई दिल्ली। मोदी सरकार की तरफ से की गई नोटबंदी का देश की अर्थव्यवस्था पर काफी अच्छा असर देखने को मिल सकता है। माना जा रहा है कि इसकी वजह से बहुत सारी अनअकाउंटेड ट्रांजैक्शन में कटौती होगी, जिसकी वजह से रीयल एस्टेट सेक्टर में कीमतों में गिरावट आ सकती है। अगर आप भी अपने लिए घर खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो यह फैसला आपके लिए भी काफी फायदे का साबित हो सकता है।

पिछले कुछ दिनों बैंकों द्वारा डिपोजिट रेट में की गई कमी इस बात की ओर संकेत करती है कि आने वाले दिनों में होने वाली मैद्रिक समीझा में भारतीय रिजर्व बैंक रेपो रेट में कटौती कर सकता है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि बैंक होम लोन की दरों में भी कटौती कर सकते हैं।
जानकार अनुमान लगा रहे हैं कि भारतीय रिजर्व बैंक रेपो रेट में 25 से 50 बेसिस प्वाइंट यानी 0.25 प्रतिशत से 0.50 प्रतिशत की कटौती कर सकता है। बुधवार को कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने एक रिपोर्ट जारी की है, जिसके अनुसार नोटबंदी की वजह से कुछ समय के लिए चीजों की मांग में कमी आ सकती है।
साथ ही रीयल स्टेट में स्लोडाउन की वजह से ग्रोथ भी कम हो सकती है, जिसे भारतीय रिजर्व बैंक रेपो रेट में कटौती करके बैलेंस कर सकता है। यही कारण है कि जानकार 50 बेसिस प्वाइंट तक की कटौती का अनुमान लगा रहे हैं।
एचडीएफसी लिमिटेड के चेयरमैन दीपक पारेख ने कहा है कि कुछ समय के लिए रीयल एस्टेट मार्केट में स्लोडाउन देखने को मिल सकता है। पिछले दो-तीन सालों में भी रीयल एस्टेट में कुछ खास ग्रोथ देखने को नहीं मिली है। कई शहरों में प्रॉपर्टी बिकी ही नहीं है। रेलीगेयर कैपिटल मार्केट ने गुरुवार को एक रिपोर्ट जारी की थी, जिसके अनुसार प्रॉपर्टी की कीमतों में 20-30 फीसदी की कटौती देखने को मिल सकती है।
माना जा रहा है कि होम लोन की दरों में 25-50 बेसिस प्वाइंट की कटौती हो सकती है, जिसके चलते ग्राहकों की ईएमआई सस्ती हो सकती है। होम लोन की दरें 8.90-8.65 प्रतिशत तक गिर सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications