LPG Cylinder High Demand: अचानक क्यों बढ़ गई देश में एलपीजी सिलेंडर की डिमांड?
केंद्र और राज्य सरकारें घरेलू गैस सिलेंडर पर सब्सिडी दे रही हैं, जिस वजह से हाल के महीनों में रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। जैसे-जैसे राज्यों के और आम चुनाव नजदीक आ रहे, रीफिल रुझान में ये वृद्धि और बढ़ने की उम्मीद है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक सितंबर में औसत दैनिक रिफिल 11 लाख को पार कर गया। हाल ही में केंद्रीय कैबिनेट ने 9.6 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों को 200 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी देने की घोषणा की थी, जिसके बाद ये बढ़ोतरी देखी गई।

वहीं अक्टूबर का औसत प्रतिदिन 10.3 लाख रहा, जो सितंबर की तुलना में थोड़ा कम है। सरकार को उम्मीद है कि आने वाले महीनों में रसोई गैस की खपत में पर्याप्त वृद्धि होगी, क्योंकि कई राज्यों और केंद्र ने चुनावों से पहले सब्सिडी की घोषणा की है।
वहीं 2020 में कोविड-19 राहत पैकेज के तहत जब कई ऐलान किए गए थे, तो भी खपत में वृद्धि हुई थी। उस वर्ष औसत दैनिक रिफिल सितंबर में 9.9 लाख और अक्टूबर में 8.1 लाख दर्ज किया गया था।
किस राज्य ने क्या ऐलान किया?
• उत्तर प्रदेश ने उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए 'दिवाली गिफ्ट' के रूप में मुफ्त सिलेंडर की घोषणा की है।
• चुनावी राज्य मध्य प्रदेश में बीजेपी सरकार महिलाओं को 450 रुपये में सिलेंडर देगी।
• कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में एमपी, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में 500 रुपये प्रति सिलेंडर पर सब्सिडी वाली गैस उपलब्ध कराने का वादा किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक वादों के बीच गरीब परिवारों की ओर से मांग बढ़ती दिख रही है। वहीं मोदी सरकार द्वारा गैस कनेक्शन मुफ्त में प्रदान किए गए हैं, लेकिन रिफिल की संख्या सालाना लगभग 3.7 सिलेंडर होने का अनुमान है क्योंकि गरीब परिवारों को अक्सर एक बार में एकमुश्त राशि डालना मुश्किल होता है।












Click it and Unblock the Notifications