कैंपा कोला की एंट्री से 'ठंडा' मार्केट में छिड़ा प्राइस वार, कोका कोला ने घटाई कीमतें
भारत में कोला ड्रिंक का बाजार करीब 9 अरब डॉलर का है। यह बाजार पेप्सी और कोक जैसी दिग्गज अमेरिकी कंपनियों के हाथ में है। अब कैंपा के तौर पर मार्केट में नए प्लेयर ने एंट्री मारी है।

सॉफ्ट ड्रिंक मार्केट में कैंपा कोला की एंट्री ने खलबली मचा दी है। मार्केट में कैंपा कोला के तौर पर नए ब्रांड के आने से अन्य 'ठंडा' कंपनियों को प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा। सॉफ्ट ड्रिंक मार्केट में कैंपा की एंट्री का असर दिखने लगा है। कोका-कोला ने कुछ राज्यों में 200 एमएल की बोतल पर कीमतें कम की हैं। कीमतों में कटौती ऐसे समय में हुई है जब तापमान बढ़ने के साथ ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ रही है। बता दें कि हाल ही में रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स द्वारा 50 साल पुराने प्रतिष्ठित बेवरेज ब्रांड कैंपा कोला को खरीदा गया था।
बिजनेस स्टैंडर्ड की खबर के मुताबिक, कोका कोला की 200 मिलीलीटर की बोतल, जिसकी कीमत पहले 15 रुपये थी। अब तेलंगाना, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में 10 रुपये में बेची जा रही है। कैम्पा कोला का एंट्री प्वाइंट भी उनकी 200 मिलीलीटर पॉलीथीन टेरेफ्थेलेट (पीईटी) की बोतलें हैं। जिसकी कीमत 10 रुपये रखी गई है। खुदरा विक्रेताओं ने कांच की बोतलों को स्टोर करने के लिए जो क्रेट डिपॉजिट दिया था, उसे अब माफ कर दिया गया है।

खबर के मुताबित, कोका कोला आमतौर पर दुकानदारों से क्रेट डिपॉजिट के तौर पर एक क्रेट के 50 रुपये से 100 रुपये के बीच लेता है। जबकि पीईटी बोतलें सीधे रेफ्रिजरेटर में जाती हैं। रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने 2022 में प्योर ड्रिंक ग्रुप से कैंपा कोला को 22 करोड़ रुपये में खरीदा था। जिसके बाद रिलायंस इसे दिवाली पर लॉन्च करने वाला था, लेकिन इसे 2023 में होली पर कंपनी ने लॉन्च किया है। रिलायंस ने कैंपा कोला को ऑरेंज, लेमन और कोला फ्लेवर में पेश किया है।

एक डिस्ट्रीब्यूटर के मुताबिक, उनके कारोबार में कांच की बोतल का योगदान 7-8 फीसदी है, लेकिन अब उन्हें कांच की बोतल की बिक्री बढ़ाने के लिए कहा गया है। कंपनी ने उन्हें कांच की बोतल की बिक्री को 50 फीसदी से ज्यादा करने का निर्देश दिया गया है। मार्केट में कैंपा कोला कोका-कोला और पेप्सी को कड़ी स्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। उदाहरण के तौर पर 2.25 लीटर कोक और पेप्सी की बोतलों की कीमत 99 रुपये है जबकि 2 लीटर कैंपा कोला की बोतल की कीमत 80 रुपये रखी गई है।
रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने हाल ही में देश भर में सभी कैंपा उत्पादों का रोलआउट शुरू किया, जिसकी शुरुआत आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से हुई। दक्षिणी बाजारों में रिलायंस की आपूर्ति श्रृंखला मजबूत है। आगामी आईपीएल सीज़न के दौरान भी कैंपा विज्ञापन के जरिए देशभर में अपनी पहचान बनाने की कोशिश करेगी। वहीं रिलायंस कैंपा कोला के स्लोगन 'द ग्रेट इंडियन टेस्ट' के जरिए लोगों तक पहुंचने की कोशिश करेगी।












Click it and Unblock the Notifications