केन्द्र सरकार ने की पुष्टि, जारी होने वाला है 200 रुपए का नोट
नई दिल्ली। काफी दिनों से कयास लगाए जा रहे थे कि 200 रुपए का नोट जारी किया जा सकता है। अब केन्द्र सरकार ने भी यह साफ कर दिया है कि वह जल्द ही 200 रुपए का नोट जारी करने वाली है। हालांकि, अभी तक इस नोट की कोई तस्वीर आधिकारिक रूप से जारी नहीं की गई है।

सितंबर में आएगा ये नोट?
यह खबर सामने आ रही है कि सितंबर माह के पहले सप्ताह में ही 200 रुपए का ये नया नोट भारतीय रिजर्व बैंक की तरफ से जारी किया जा सकता है। सूत्रों की मानें तो 200 रुपए के करीब 50 करोड़ नोट बाजार में लाए जाएंगे। आपको बता दें कि कालेधन पर लगाम लगाने की कोशिश के तहत भारतीय रिजर्व बैंक पहली बार 200 रुपए के नोट जारी करने जा रहा है।
आम आदमी को हो सकती है दिक्कत
भारतीय स्टेट बैंक के ग्रुप चीफ इकोनॉमिस्ट सौन्य कांति घोष ने कहा है कि बड़ी संख्या में नए नोट बाजार में आने से आम आदमी को कुछ दिक्कतें भी हो सकती हैं। नोटबंदी के बाद जब 2000 का नोट सामने आया था तो कई नकली नोट के मामले भी सामने आए थे। 200 के नए नोट का लाने का उद्देश्य यही है कि बिना टैक्स दिए कैश रखने वाले लोगों पर शिकंजा कसा जा सके।
ये होंगे फायदे
कांति घोष ने बताया कि 200 रुपए के नए नोट से 2 फायदे होंगे। पहला तो ये कि कैश लेन-देन पहले की तुलना में आसान हो जाएगा और दूसरा ये कि इससे कुल करंसी में छोटे नोटों की संख्या बढ़ जाएगी। आपको बता दें कि अभी 100 रुपए और 500 रुपए के बीच का कोई नोट उपलब्ध नहीं है, इसलिए कई बार लेन-देन में दिक्कतें आती हैं, जिनका समाधान 200 रुपए के नोटों से हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications