कार खरीदने जा रहे हैं तो जल्दी करें, नए साल में महंगी होने जा रही हैं ये सभी कारें
नई दिल्ली। अगर आप नई कार लेने का मूड बना रहे हैं और नए साल में इसकी सौगात लेना चाह रहे हैं तो हम आपको बता दें कि ऐसा करना आपके लिए घाटे का सौदा हो सकता है। मिली जानकारी के मुताबिक नए साल में कई ब्रांड्स की कारें महंगी होने जा रही हैं। बता दें कि इसका आधिकारिक ऐलान भी कई कंपनियां कर चुकी हैं। होंडा, टोयोटा और महिंद्रा के बाद अब फोर्ड ने भी लागत खर्च में हुई बढ़ोत्तरी में भरपाई के लिए नए साल से कीमतों में बढ़ोत्तरी का ऐलान कर दिया है। जहां एक ओर टाटा अपनी कीमतों में 25 हजार रुपये की तो वहीं महिंद्रा और टोयोटा भी 3 फीसदी तक बढ़ोत्तरी करेंगी। जानें और कौन सी कंपनियां बढ़ाएंगी दाम और क्यों-

एक साथ बढ़ेंगे सभी बड़ी कार कंपनियों के दाम
भारत की सभी ब्रांडेड कार कंपनियों ने एक सुर में कार की कीमतों को बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। डीलरों के मुताबिक भारत की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुती सुजुकी जनवरी में कीमतें बढ़ाने का ऐलान करेगी। होंडा, टायोटा और टाटाके अलावा फोर्ड ने भी नए साल में बढ़ी कीमतों के तहत कार बेचने का ऐलान किया है। देश की दूसरी सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी फोर्ड इस साल के अंत तक कार की कीमतें बढ़ाने का आधिकारिक ऐलान कर सकती है।

क्या कहना है टाटा मोटर्स का
नए साल में टाटा मोटर्स की कार भी महंगी होने जा रही हैं। टाटा मोटर्स लागत खर्च में बढ़ोतरी की भरपाई के लिए अपने यात्री वाहनों के दाम जनवरी से 25 हजार रुपए तक बढ़ाएगी। कंपनी के अध्यक्ष यात्री वाहन कारोबार मयंक पारीख ने कहा, बाजार की बदलती परिस्थितियां, बढ़ता लागत खर्च और विभिन्न आर्थिक कारकों ने हमें दाम बढ़ाने पर मजबूर किया है।

क्या कारण है जो बढ़ रही हैं कीमतें
कार की कीमतें बढ़ाने के सभी कंपनियों के अपने अलग कारण हैं। लेकिन कुछ ऐसे प्रमुख कारण हैं जिनकी वजह से कंपनियों को कीमतें बढ़ाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। नोटबंदी के बाद से कच्चे माल की कीमतों में काफी बढ़ोत्तरी हुई है।
दूसरा प्रमुख कारण ग्लोबल कमोडिटी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का होना और विदेशी करेंसी एक्सचेंज रेट में बढ़ोतरी होना भी इसका प्रमुख कारण है।

कौन सी कंपनी कितने दाम बढ़ाएगी
होंडा कारों के दाम 1 से 2 फीसदी बढ़ाएगी। इससे कंपनी की कारें 25 हजार रुपए तक महंगी होंगी। टोयाटा कारों के दाम 3 फीसदी तक बढ़ाएगी। इससे टोयोटा की कारें 5 हजार से 1 लाख रुपए तक महंगी हो जाएंगी। स्कोडा 2 से 3 फीसदी दाम बढ़ाएगी जिससे इसके अलग-अलग मॉडल 14 हजार से 50 हजार तक महंगे होंगे। महिंद्रा और महिंद्रा कंपनी 7 हजार से 30 हजार रुपए तक बढ़ाएगी दाम। दूसरी अन्य कंपनियों ने अभी खुलासा नहीं किया है वो कितनी बढ़ोतरी करेंगी। हालांकि जानकारों का मानना है कि हर साल का ट्रेंड देखते हुए अन्य कार कंपनियां भी 1 से 2 फीसदी तक कारों के दाम बढ़ा सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications