Budget 2021: केंद्रीय बजट में सरकार इन चीजों पर बढ़ा सकती है Customs duty-सूत्र
Budget 2021: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Finance minister Nirmala Sitharaman) आने वाले 1 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) की अगुवाई वाली एनडीए सरकार (NDA Government) का 8वां आम बजट पेश करने जा रही हैं। कोरोना वायरस महामारी और उसकी वजह से पैदा हुए आर्थिक संकट की वजह से इसबार का बजट बहुत ही महत्वपूर्ण है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस बार के केंद्रीय बजट (Union budget 2021) में सरकार कुछ चीजों पर सीमा शुल्क (customs duty) बढ़ा सकती है। जानकारी के मुताबिक पिछले कुछ साल का ट्रेंड रहा है कि सरकार मेक इन इंडिया अभियान को बढ़ावा देने के लिए ऐसा करती रही है, ताकि घरेलू उत्पादों को बढ़ावा मिले।

कुछ कच्चे माल पर सीमा शुल्क बढ़ा सकती है सरकार
न्यूज एजेंसी एएनआई के सूत्रों के मुताबिक मेक इन इंडिया अभियान (Make in India initiative) को बल देने के लिए केंद्र सरकार कई चीजों पर सीमा शुल्क (customs duty)बढ़ाने पर विचार कर रही है। सूत्रों के मुताबिक इस संबंध में सरकार के पास कई तरह के प्रस्ताव हैं, जिनपर अभी भी चर्चा चल रही है, लेकिन इसको लेकर अभी तक कोई आखिरी फैसला नहीं लिया गया है। पिछले साल भी अपना दूसरा बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण(Finance minister Nirmala Sitharaman) ने कई तरह की चीजों पर सीमा शुल्क बढ़ाने का ऐलान किया था। तब सरकार ने जिन चीजों पर सीमा शुल्क बढ़ाया था, उनमें खिलौने, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, फुटवियर, फ्रीजर, रेफ्रिज्रेटिंग इक्विपमेंट, मिक्सर और ग्राइंडर, हेडफोन और इयरफोन के अलावा कलर टीवी और चार्जर शामिल थे।

पिछले बजट में इतना बढ़ा था सीमा शुल्क
पिछले बजट में वित्त मंत्री ने फुटवियर पर सीमा शुल्क 25 फीसदी से बढ़ाकर 35 फीसदी, खिलौनों पर 20 फीसदी से 60 फीसदी तक कर दिया था। जबकि, फ्रीजर और मिक्सर और ग्राइंडर पर सीमा शुल्क दोगुना कर दिया गया था। 1 फरवरी, 2020 के बजट भाषण में निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman)ने सीमा शुल्क बढ़ाने की घोषणा करते हुए कहा था कि केंद्र के मेक इन इंडिया अभियान ने फायदा देना शुरू कर दिया है। भारत अब वर्ल्ड क्लास सामान बना रहा है और उन उत्पादों का निर्यात कर रहा है। वित्त मंत्री ने तब कहा था कि 'कुछ चीजों और कच्चे पदार्थों पर सीमा शुल्क घटाया जा रहा है, जबकि कुछ सामानों पर उसे बढ़ाया जा रहा है, जो कि देश में ही बनाए जा रहे हैं।'

इन चीजों पर सीमा शुल्क बढ़ने के आसार
इन अनुमानों के बारे में शरदुल अमरचंद मंगलदास एंड कंपनी के पार्टनर रजत बोस ने बताया है कि ट्रेंड ये है कि पिछले चार वर्षों से केंद्र सरकार सामान्यतौर पर कुछ चीजों पर सीमा शुल्क बढ़ा रही है। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा है कि आयात उस तरह से नहीं घट पाए हैं। उनका कहना है कि, 'इसलिए, मुझे लगता है कि सरकार के दिमाग में ये चीजें होंगी। मुझे विश्वास है कि वह कच्चे माल से जुड़ी सामग्रियों पर सीमा शुल्क का बढ़ाना जारी रखेंगे। इसके लिए वह ऑटोमोबाइल, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और फास्ट मूविंग कंज्यूमर गूड्स सेक्टर पर ध्यान दे सकते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications