Bitcoin दूसरे दिन 40,000 डॉलर के ऊपर, क्या लौट रही क्रिप्टो बाजार में स्थिरता?
नई दिल्ली, 16 जून। क्रिप्टोकरेंसी 24 घंटे के मुकाबले कम कीमत पर कारोबार कर रही है लेकिन सभी डिजिटल करेंसी सिक्के स्थिर बने हुए हैं। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन लगातार दूसरे दिन 40,000 डॉलर के ऊपर बनी रही। बिटकॉइन में सप्ताह की शुरुआत में बढ़त की शुरुआत हुई थी और मंगलवार को यह दो सप्ताह बाद 40,000 डॉलर के पार पहुंची थी।

हालांकि बिटकॉइन ने पिछले दिन के मुकाबले थोड़ी गिरावट देखी है लेकिन फिर भी 12:30 बजे तक यह 0.40 प्रतिशत के साथ बाजार कर रही थी और इसकी मार्केट कैपिटल मजबूत बनी हुई है।
एथेरियम में गिरावट
दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी एथेरियम 24 घंटे के मुकाबले 3 प्रतिशत नीचे गिर गई और यह 2500 पर कारोबार कर रही है। इसके अलावा अन्य दूसरी क्रिप्टोकरेंसी जैसे डोजकॉइन, रिपल, लाइटकॉइन, पोल्काडॉट और चेनलिंक भी स्थिर बनी हुई थी। हालांकि पिछले दिन के मुकाबले यह थोड़ा नीचे कारोबार कर रहे हैं।
पिछले दिनों टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के ट्वीट के बाद बिटकॉइन और दूसरी क्रिप्टोकरेंसी की कीमतों में वृद्धि हुई है। बिटकॉइन पेमेंट पर कभी हां कभी ना कर रहे एलन मस्क ने हालिया ट्वीट में कहा था कि अगर क्रिप्टोकरेंसी माइनिंग में पर्यावरण को होने वाला खतरा कम होता है तो टेस्ला भविष्य में बिटकॉइन को भुगतान के रूप में स्वीकार करेगा। यह टेस्ला सीईओ के पिछले रुख में बदलाव का संकेत था जिसमें उन्होंने बिटकॉइन पेमेंट पर रोक लगा दी थी। एलन मस्क के नए ट्वीट के बाद एक बार फिर से क्रिप्टो बाजार में तेजी देखी गई है।
मई में लुढ़की क्रिप्टोकरेंसी
पिछले महीने मई में क्रिप्टोकेरेंसी बाजार में तेजी से गिरावट देखी गई है क्योंकि कई निवेशक सुरक्षित और लॉन्ग-टर्म निवेश की तरफ अपना रुख कर रहे थे। इसके साथ ही चीनी प्रतिबंधों की घोषणा का भी क्रिप्टो बाजार पर असर पड़ा था। चीन ने सभी प्रकार की क्रिप्टोकरेंसी की माइनिंग और उनकी ट्रेडिंग पर रोक लगा दी है। कुछ दिन पहले ही चीन ने क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में अपराध से हासिल हुई कमाई को रोकने के लिए बड़ी कार्रवाई की है और करीब 1100 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये उन गैंग में शामिल लोग हैं जो क्रिप्टोकरेंसी के जरिए मनी लॉण्ड्रिंग कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications