50,000 डॉलर के बेहद करीब पहुंची बिटकॉइन, 24 घंटे में 5% से ज्यादा का उछाल
नई दिल्ली, 21 अगस्त। क्रिप्टोकरेंसी बाजार ने शनिवार को भी बढ़त देखी है और दुनिया की सबसे बड़ी और लोकप्रिय क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन एक बार फिर 50,000 डॉलर की तरफ बढ़ रही है। शनिवार सुबह 10 बजे के करीब बिटकॉइन 49,106 डॉलर पर कारोबार कर रही है जो कि पिछले दिन के मुकाबले 5.01 प्रतिशत ज्यादा है।

इसके साथ ही दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी एथेरियम ने भी तेजी पकड़ी है। ईथर पिछले दिन के मुकाबले 3.03 प्रतिशत ऊपर बढ़कर 3281 डॉलर पर कारोबार कर रही है। 24 घंटे में यह 96.64 डॉलर ऊपर पहुंच गई है।
50000 डॉलर कर सकती है पार
पिछले दो महीने से संघर्ष कर रही है बिटकॉइन ने अगस्त में रफ्तार पकड़ी थी और पिछले तीन सप्ताह में यह 40,000 डॉलर के पार पहुंच गई। इसी सप्ताह बिटकॉइन ने 47,000 डॉलर का आंकड़ा पार किया था लेकिन यह लुढ़ककर फिर से 45000 डॉलर तक पहुंच गई थी। दो दिन इसने फिर से तेजी देखी और यह शुक्रवार को 47000 डॉलर के पार पहुंची।
इसके एक दिन बाद आज बिटकॉइन 49,000 डॉलर का आंकड़ा पार कर चुकी है जिसके बाद उम्मीद जताई जा रही है कि यह जल्दी ही एक बार फिर से 50,000 डॉलर के पार पहुंच सकती है।
मई में लुढ़की थी बिटकॉइन
क्रिप्टोकरेंसी बाजार ने इस साल में बंपर उछाल देखी थी। पिछले साल अप्रैल में 5000 डॉलर पर कारोबार करने वाली बिटकॉइन अप्रैल 2021 में 64,895 डॉलर पर पहुंच गई थी जो कि डिजिटल टोकन का सर्वोच्च स्तर था। इस दौरान इसकी प्रतिद्वंद्वी ईथर ने भी 4000 डॉलर के ऊपर पहुंच गई थी।
क्रिप्टो बाजार की रफ्तार को पहला ब्रेक तब लगा जब अरबपति उद्योगपति एलन मस्क ने बिटकॉइन को पेमेंट के रूप में स्वीकार करने के टेस्ला के पिछले फैसले पर रोक लगा दी थी। एलन मस्क के फैसले के बाद बिटकॉइन की कीमतों में गिरावट शुरू हुई थी।
एलन मस्क के फैसले के बाद चीन ने भी क्रिप्टोकरेंसी की माइनिंग और कारोबार पर रोक लगा दी थी। क्रिप्टोकरेंसी माइनिंग का बड़ा हिस्सा चीन में किया जाता है लेकिन चीन में प्रतिबंध के बाद इसमें तेजी से गिरावट आई। क्रिप्टोकरेंसी पर प्रतिबंधों के बाद इसकी कीमतों में और गिरावट आई और यह एक बार फिर 40,000 डॉलर के नीचे लुढ़क गई। मई में गिरावट के बाद क्रिप्टोकरेंसी में लगातार संघर्ष जारी रहा और इसने अगस्त में अपनी रफ्तार पकड़ी है।












Click it and Unblock the Notifications