रेल के बाद अब हवाई यात्रियों को झटका, 1 अप्रैल से इतना महंगा होगा सफर
नई दिल्ली: पिछले साल फरवरी में कोरोना महामारी फैली और मार्च में देशभर में लॉकडाउन लागू हुआ। इस वजह से ट्रेनों और विमानों का संचालन पूरी तरह से ठप हो गया। बाद में मई से धीरे-धीरे दोनों का संचालन फिर से शुरू किया, लेकिन अभी भी हालात पहले जैसे नहीं बन पाए हैं। हाल ही में रेलवे ने कुछ ट्रेनों के किराए में बढ़ोतरी की थी, जिसके बाद अब हवाई यात्रियों को भी झटका लगा, क्योंकि सरकार ने एविएशन सिक्योरिटी फीस को बढ़ाने का ऐलान कर दिया है।

कितना पड़ेगा जेब पर भार
जब भी आप किसी भी फ्लाइट का टिकट बुक करवाते हैं, तो उसमें आपको एविएशन सिक्योरिटी फीस यानी ASF का भुगतान करना पड़ता है। अब घरेलू यात्रियों के लिए ये फीस 160 रुपये से बढ़कर 200 रुपये हो जाएगी। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अब 5.2 डॉलर की जगह 12 डॉलर का भुगतान करना पड़ेगा। इस बढ़ी हुई फीस को 1 अप्रैल 2021 से बुक होने वाले टिकटों पर लिया जाएगा। वैसे देखा जाए तो घरेलू यात्रियों पर ज्यादा बोझ नहीं पड़ा, लेकिन अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में दोगुने से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है।

8 महीने के अंदर दूसरी बढ़ोतरी
कोरोना महामारी के बाद लोग सरकार से हवाई किराए में राहत की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन उन्हें झटके पर झटका मिल रहा है। पिछले साल सितंबर में भी एविएशन सिक्योरिटी फीस में बढ़ोतरी की गई थी। जिसके तहत घरेलू यात्रियों के लिए ये फीस 150 से बढ़कर 160 रुपये हुई, जबकि अंतराष्ट्रीय उड़ानों के लिए इसे बढ़ाकर 4.85 डॉलर से 5.2 डॉलर कर दिया गया। इस फीस को तो विमान कंपनियां यात्रियों से वसूलती हैं, लेकिन बाद में इसे सुरक्षा के लिए एयरपोर्ट पर इस्तेमाल किया जाता है।

ट्रेन का किराया भी बढ़ा
कुछ दिनों पहले भारतीय रेलवे ने कम दूरी की ट्रेनों का किराया बढ़ा दिया था। रेलवे के मुताबिक कई राज्यों में कोरोना केस तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में वो चाहते हैं कि सिर्फ वही लोग यात्रा करें जिनको बहुत ज्यादा जरूरी काम है। इस वजह से किराए में अस्थायी वृद्धि की गई है। वहीं दिल्ली, मुंबई समेत देश के कई स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट के दाम पांच गुना बढ़ा दिए गए। इसके भी पीछे रेलवे ने कोरोना का हवाला दिया है।












Click it and Unblock the Notifications