अनंत अंबानी नियुक्त किए गए रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, जानिए कितनी मिलेगी सैलरी?
Anant Ambani News: भारत के अरबपति उद्योगपति मुकेश अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत अंबानी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किए गए हैं। शेयधारकों के साथ कंपनी द्वारा ये जानकारी शेयर की गई है और अनंत अंबानी की नियुक्ति के लिए शेयरधारकों की मंजूरी पोस्टल बैलेट से मांगा गया है। कंपनी का एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर पद पर नियुक्ति ने अनंत अंबानी को अपने भाई-बहनों से एक कदम आगे कर दिया है।
याद रहे मुकेश अंबानी ने 2023 में अपने तीनों बच्चों आकाश और ईशा (जुड़वां) और अनंत अंबानी को रिलायंस इंडस्ट्रीज के बोर्ड में नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के रूप में शामिल किया था। इनमें से सबसे पहले अनंत अंबानी को एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किया गया। वर्तमान में, आकाश अंबानी और ईशा अंबानी नॉन एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर हैं और अनंत अंबानी एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किए जा चुके हैं। जानते हैं एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर पहुंचे अनंत अंबानी को कितनी सैलरी मिलेगी और क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?

अनंत अंबानी कितनी मिलेगी सैलरी और सुविधाएं?
30 वर्षीय अनंत अंबानी को अब एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के तौर पर सालाना 10 से 20 करोड़ रुपये सैलरी मिलेगी। साथ ही कई अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। उन्हें आवास या किराया भत्ता, घर के रखरखाव, सजावट, बिजली, पानी, गैस, फर्नीचर और मरम्मत जैसी सुविधाओं के लिए भी खर्च दिया जाएगा। कंपनी उनके बिजनेस ट्रिप दौरान ठहरने और भोजन सहित सभी खर्चों का वहन करेगी।
आकाश और ईशा अंबानी को कितनी मिलती है सैलरी?
आकाश अंबानी और ईशा अंबानी नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर हैं। नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर वेतन नहीं मिलता था, बल्कि उन्हें केवल 4 लाख की मीटिंग फीस और ₹97 लाख का प्रॉफिट कमीशन दिया गया था।
अनंत अंबानी क्या-क्या जिम्मेदारियां संभाल रहे?
- अनंत अंबानी 2015 से रिलायंस समूह से जुड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने तेल-से-रसायन (O2C) कारोबार में कच्चे तेल की खरीद, रिफाइनरी संचालन और उत्पादों की आपूर्ति जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अनंत अंबानी रिलायंस इंडस्ट्रीज के नए ऊर्जा और सामग्री व्यवसायों, विशेष रूप से सौर पैनल निर्माण और नवीकरणीय ऊर्जा प्रोजेक्ट में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे।
- अनंत अंबानी को ये पद ऐसे समय में दिया गया है जब रिलायंस इंडस्ट्रीज अपने नए ऊर्जा और सामग्री व्यवसायों पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जिसमें सौर पैनल निर्माण और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएं शामिल हैं।
- इसके अलावा अनंत अंबानी रिलायंस फाउंडेशन और वन्यजीव संरक्षण पहल 'वंतारा' का भी प्रबंधन करते हैं। 'वंतारा' एक अनूठी पहल है जो घायल, संकटग्रस्त और खतरे में पड़े जानवरों के बचाव, उपचार, देखभाल और पुनर्वास पर केंद्रित है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड क्या-क्या करती है कारोबार?
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड भारत की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है, जिसका कारोबार ऊर्जा, पेट्रोकेमिकल्स, कपड़ा, खुदरा और दूरसंचार जैसे विभिन्न क्षेत्रों में फैला हुआ है। कंपनी का market capitalization भारत में सबसे अधिक है, और यह देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देती है।












Click it and Unblock the Notifications