पूर्वोत्तर में ₹1 लाख करोड़ निवेश करेगा अडानी ग्रुप, इन्वेस्टर्स समिट में गौतम अडानी का बड़ा ऐलान
Rising Northeast Investors Summit 2025 (Gautam Adani): 'राइजिंग नॉर्थ ईस्ट इन्वेस्टर्स समिट' में आज 23 मई को अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने कहा है कि वो पूर्वोत्तर में 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। हालांकि इसमें से 50 हजार करोड़ के निवेश की घोषणा पहले ही का जा चुकी है। भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र की आर्थिक तरक्की को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के उद्देश्य से अडानी समूह ने ये मेगा इन्वेस्टमेंट प्लान बनाया और नॉर्थ ईस्ट के विकास के लिए प्रतिबद्धता जताई है।
गौतम अडानी ने नई दिल्ली में आयोजित 'राइजिंग नॉर्थ ईस्ट ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्वोत्तर के लिए किए गए कामों की भी सराहना की है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और देश-विदेश के कई प्रमुख उद्योगपति मौजूद थे।

गौतम अडानी बोले- 10 सालों में नॉर्थ ईस्ट में 50 हजार करोड़ का करेंगे निवेश
असल में अडानी समूह ने तीन महीने पहले 'एडवांटेज असम 2.0' शिखर सम्मेलन में असम के लिए 50 हजार करोड़ के निवेश की घोषणा की थी। अब गौतन अडानी ने समिट में कहा है कि अडानी ग्रुप अगले 10 सालों में पूरे नॉर्थ ईस्ट में और 50 हजार करोड़ का निवेश करेगा।
गौतम अडानी ने बताया कि यह निवेश अगले 10 सालों में असम सहित पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड, सिक्किम में किया जाएगा। ये निवेश खास तौर पर ग्रीन एनर्जी, बिजली पहुंचाने के सिस्टम, सड़कों, डिजिटल सुविधाओं, माल ढुलाई के इंतजाम और लोगों को ट्रेनिंग देने जैसे कामों में लगाया जाएगा।
गौतम अडानी ने कहा कि इसके अलावा हमारा फोकस पावर ट्रांसमिशन, सड़क और राजमार्ग निर्माण, स्मार्ट मीटर, हाइड्रो और पम्प्ड स्टोरेज, स्किल और वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर पर होगा।
गौतम अडानी बोले- PM मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर बदल रहा है
गौतम अडानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्वशैली से प्रेरणा लेकर अडानी समूह अगले 10 सालों में पूर्वोत्तर में और 50 हजार करोड़ का निवेश करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में पिछले कुछ सालों में पूर्वोत्तर में जबरदस्त बदलाव हुए हैं। 2014 से अब तक यहां 6.2 लाख करोड़ की परियोजनाएं शुरू हुई हैं, सड़कें पहले से दोगुनी होकर 16,000 किलोमीटर हो गई हैं और हवाई अड्डों की संख्या 9 से बढ़कर 18 हो गई है।
गौतम अडानी ने 'एक्ट ईस्ट, एक्ट फास्ट, एक्ट फर्स्ट' नीति को पूर्वोत्तर के विकास का टर्निंग पॉइंट बताया और कहा, ''यह केवल एक नीति नहीं, बल्कि बड़े सोचने की आपकी (पीएम मोदी) पहचान है।''
गौतम अडानी ने यह भी साफ कहा कि अडानी समूह सिर्फ सड़कों और दूसरी चीजों पर ही नहीं, बल्कि लोगों पर भी निवेश करेगा। उन्होंने कहा कि हर प्रोजेक्ट में स्थानीय लोगों को नौकरी, व्यवसाय के मौके और समुदाय की भागीदारी को सबसे ज्यादा महत्व दिया जाएगा।
इस बड़े ऐलान को पूर्वोत्तर भारत के लिए एक खास आर्थिक मौका माना जा रहा है, जो आने वाले सालों में यहां की समाज और अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications