2000 Banknote: अभी भी 2 हजार के नोट दबाए बैठे हैं लोग, नहीं आए इतने करोड़ रुपये के नोट वापस, RBI ने दिया अपडेट
RBI Update On Rs 2000 Banknotes: देश में 2 हजार रुपए का नोट चलने से बाहर है। 19 मई 2023 को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने 2000 रुपए के नोट को बंद कर दिए थे, जिसके बाद अब 1 साल बाद भी मार्केट के पूरे नोट आरबीआई के पास वापस नहीं आए हैं।
आरबीआई के अनुसार अभी भी लगभग 2.2 प्रतिशत या 7755 करोड़ रुपए के 2000 रुपये के नोट उनके पास वापस नहीं आए हैं। आरबीआई के मुताबिक 97.82 फीसदी 2000 रुपए के नोट उसके पास आ चुके हैं, जबकि 7,755 करोड़ रुपये मूल्य के नोट अब भी लोगों के पास हैं।

आरबीआई ने सोमवार को जानकारी देते हुए कहा कि भारत के सबसे बड़े करेंसी नोट 2000 रुपए को बंद करने का फैसला 19 मई, 2023 को लिया गया था। उस वक्त लगभग 3.65 लाख करोड़ रुपए मूल्य के 2000 रुपए के नोट बाजार के अंदर प्रचलन में थे।
लोगों को यह नोट बैंकों में जमा करने का काफी वक्त दिया गया था। आम जनता के लिए बैंकों में 2000 रुपए के नोट बदलने या जमा करने की अंतिम तिथि 7 अक्टूबर, 2023 थी।
इसके बावजूद 97.82 फीसदी नोट ही वापस आ पाए हैं। लगभग 7755 करोड़ रुपये के नोट वापस ही नहीं आए हैं। बता दें कि आरबीआई का नया आंकड़ा 31 मई, 2024 तक का है।
अभी भी नोट बदलवाने का मौका
हालांकि 2,000 रुपये के नोट जमा करने और/या बदलने की सुविधा RBI के 19 निर्गम कार्यालयों में उपलब्ध है।RBI के ये 19 निर्गम कार्यालय अहमदाबाद, बैंगलोर, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना और तिरुवनंतपुरम में हैं।
देश के लोग किसी भी डाकघर से भारतीय डाक के माध्यम से 2000 रुपये के नोट RBI के किसी भी निर्गम कार्यालय में भेज सकते हैं, ताकि वे भारत में अपने बैंक खातों में जमा हो सकें।












Click it and Unblock the Notifications